विज्ञापन

दिल्ली एयरपोर्ट पर 68 लाख रुपये कैश के साथ पकड़े गए दो लोग, गुवाहाटी जाने की थी प्‍लान‍िंग, CISF ने दबोचा

सीआईएसएफ ने दोनों यात्रियों को बरामद नकदी, उनके सामान और संबंधित यात्रा दस्तावेजों के साथ आयकर विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया है.

दिल्ली एयरपोर्ट पर 68 लाख रुपये कैश के साथ पकड़े गए दो लोग, गुवाहाटी जाने की थी प्‍लान‍िंग, CISF ने दबोचा

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ के जवानों ने सतर्कता और व्यवहार के आधार पर संदिग्ध गतिविधि को पहचानते हुए 68 लाख 53 हजार 500 रुपये की नकदी पकड़ी है. यह नकदी दो यात्रियों के सामान की जांच के दौरान बरामद हुई. CISF के मुताबिक, एयरपोर्ट पर Random X-BIS, ASG Delhi में तैनात जवानों को एक यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. इसके बाद उसकी निगरानी करते हुए विस्तृत जांच की गई. इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज की जांच में उसके साथ यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री की भी पहचान की गई. दोनों यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच की गई तो उसमें बड़ी मात्रा में नकदी मिली. गिनती करने पर दोनों के पास से कुल 68 लाख 53 हजार 500 रुपये कैश बरामद हुआ.

पूछताछ और जांच के दौरान सामने आया कि दोनों यात्री गुवाहाटी जाने वाले थे और वहां से आगे अगरतला की यात्रा करने की योजना थी. इतनी बड़ी रकम के संबंध में आवश्यक दस्तावेज और वैध जानकारी प्रस्तुत किए जाने की स्थिति को लेकर आगे की जांच जरूरी थी.

आयकर व‍िभाग करेगा आगे की जांच 

सीआईएसएफ ने दोनों यात्रियों को बरामद नकदी, उनके सामान और संबंधित यात्रा दस्तावेजों के साथ आयकर विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया है. अब आयकर विभाग नकदी के स्रोत, उसके इस्तेमाल और यात्रियों के पास इतनी बड़ी रकम रखने के कारणों की जांच करेगा. 

सीआईएसएफ जवानों की सतर्कता से पकड़े गए लोग 

सीआईएसएफ की इस कार्रवाई में खास बात यह रही कि संदिग्ध यात्री की पहचान केवल सामान्य सुरक्षा जांच के दौरान ही नहीं, बल्कि जवानों की व्यवहार संबंधी निगरानी और बाद में सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर की गई. इसके बाद दूसरे यात्री की भी पहचान कर दोनों की संयुक्त रूप से जांच की गई. एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थान पर सीआईएसएफ की इस सतर्कता से बड़ी मात्रा में बेहिसाब नकदी पकड़ी जा सकी. फिलहाल, मामले में आगे की कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जा रही है. 

यह भी पढ़ें- दाऊद का खास, इंटरपोल का वांटेड... कौन हैं अख्तर मर्चेंट, जो दिल्ली एयरपोर्ट पर हुआ गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Airport, CISF, Delhi Airport News, Delhi News, Delhi Airport News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com