तेलंगाना के सरूरनगर और अन्य इलाकों में पुलिस की छापेमारी के बाद एक अंतरराज्यीय एग-डोनेशन (अंडाणु दान) रैकेट का खुलासा हुआ है. इस कार्रवाई में 43 महिलाओं को बचाया गया और कई संदिग्धों को पकड़ा गया है. पुलिस जांच में पता चला है कि सरूरनगर की वेंकटेश्वर कॉलोनी स्थित 'शेट्टी वर्किंग विमेंस हॉस्टल', जिसे कथित तौर पर एमिरिशेट्टी दुर्गा प्रसाद चलाता था उसके जरिए महिलाओं को इस रैकेट में फंसाया जाता था.
पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, दिल्ली, असम, उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा की 15 ऐसी महिलाओं को, जो आर्थिक तंगी से जूझ रही थीं, हर एग-डोनेशन साइकिल के लिए 20,000 से 30,000 रुपये देने का लालच देकर हैदराबाद लाया गया था.
जांच का दायरा प्रकाश नगर, बेगमपेट, एर्रागड्डा, सरूरनगर और गोपालपुरम तक फैल गया. 30 अक्टूबर को की गई छापेमारी में कुल 43 महिलाओं को बचाया गया.
मलकाजगिरी पुलिस कमिश्नर बी. सुमति ने पुष्टि की कि अब तक दुर्गा प्रसाद समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस ने बताया, "यह नेटवर्क कथित तौर पर अलग-अलग राज्यों से महिलाओं को लाता था, उन्हें ठहराता था और फिर IVF तथा फर्टिलिटी सेंटरों में एग-डोनेशन की प्रक्रिया करवाता था."
जांचकर्ता मेडिकल रिकॉर्ड, डोनर की हिस्ट्री, पैसों के लेन-देन और IVF सेंटरों तथा ART बैंकों के साथ इनके संभावित संबंधों की पड़ताल कर रहे हैं. इसके अलावा, सहमति पत्रों, पहचान दस्तावेजों और मौके पर किसी अनधिकृत मेडिकल निगरानी की संभावना की भी जांच की जा रही है.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हार्मोनल इंजेक्शन, गोलियां, सिरिंज, सुइयां, दस्तावेज और मोबाइल फोन जब्त किए हैं.
बेगमपेट के SHO सैदुलु ने कहा, "सिरिंज और गोलियों को जांच के लिए गांधी अस्पताल भेजा गया है. मेडिकल रिपोर्ट से यह साफ हो जाएगा कि क्या इस जगह से कोई रैकेट चलाया जा रहा था." BNS और 'असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी (रेगुलेशन) एक्ट, 2021' की संबंधित धाराओं के तहत तीन मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से दो सरूरनगर में और एक बेगमपेट में दर्ज हुआ है.
सरूरनगर में दर्ज FIR में दुर्गा प्रसाद को एक कथित दलाल बताया गया है, जिसने महिलाओं को पैसे देने की पेशकश की थी.
इसे भी पढ़ें: 20 दिन में 10 घरों में चोरी, पुलिस ने 'बुर्के वाली चोरनी' समेत दो को पकड़ा; ऑनलाइन खोजे थे तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं