- गृह मंत्री अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश के सियांग घाटी में मेगा बांध परियोजना पर बातचीत का आश्वासन दिया
- उन्होंने कहा कि परियोजना के दौरान क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं का पूरा सम्मान किया जाएगा
- शाह ने कहा कि कश्मीर में 35 सालों की हिंसा के बाद अब कोई स्थानीय युवा आतंकवाद में शामिल नहीं हुआ है
गृह मंत्री अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश की सियांग घाटी के लोगों को शनिवार को आश्वासन दिया कि 11,200 मेगावाट का सियांग नदी पर प्रस्तावित मेगा बांध को लेकर उनकी चिंताओं का बातचीत के जरिए समाधान किया जाएगा.शाह ने कहा कि परियोजना को आगे बढ़ाते समय क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.उन्होंने यह भी कहा कि 35 साल से अधिक समय तक अशांति और हिंसा का सामना करने के बाद अब कश्मीर का एक भी स्थानीय युवा आतंकवाद में शामिल नहीं है. गृह मंत्री ने कहा कि यह सकारात्मक बदलाव केवल आतंकवादियों के खात्मे से नहीं, बल्कि भेदभाव और अलगाव की भावना को खत्म करने से भी आया है.
सियांग के लोगों की चिंताओं को दूर करेंगे
शाह ने बंदरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) में कानून प्रवर्तन अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वह सियांग क्षेत्र के लोगों की भावनाओं और आशंकाओं से अवगत हैं और उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए अरुणाचल प्रदेश आए हैं.वह सियांग के लोगों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि आगे का रास्ता सकारात्मक बातचीत के जरिए निकालेंगे. उनको इस बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है.
गृह मंत्री ने कहा कि उन्हें मीडिया के जरिए लोगों की चिंताओं के बारे में पता चला और लोगों द्वारा उठाए गए कई मुद्दे महत्वपूर्ण हैं. अरुणाचल प्रदेश में विकास की संभावनाओं, देश की ऊर्जा सुरक्षा तथा राज्य के आर्थिक और सुरक्षा हितों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि सरकार इन सभी पहलुओं और स्थानीय समुदायों की आकांक्षाओं के बीच संतुलन बनाए रखने की जरूरत से अवगत है. स्थानीय संस्कृति के प्रति आपके मन में जितना सम्मान है, उतना ही सम्मान मेरे और सरकार के मन में भी है. हम इस क्षेत्र की परंपराओं, संस्कृति और धर्म से कोई समझौता किए बिना आगे बढ़ेंगे.
परंपराओं, संस्कृति और धर्म से समझौता नहीं
शाह ने लोगों से राज्य सरकार के साथ बातचीत करने और राज्य प्रशासन के जरिए अपनी चिंताओं से केंद्रीय गृह मंत्रालय को अवगत कराने की अपील की.उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर आगे बढ़ते समय लोगों को विश्वास में लेगी. शाह ने दोहराया कि परियोजना से जुड़ी चिंताओं का समाधान सकारात्मक बातचीत के जरिए ही किया जाएगा. गृह मंत्री ने कहा कि 2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने से जम्मू-कश्मीर में महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं.
कश्मीर घाटी के युवा अब आतंकवाद से दूर
उन्होंने कहा कि 35 साल से अधिक समय तक हिंसा का सामना करने के बाद अब कश्मीर घाटी का एक भी स्थानीय युवा आतंकवाद में शामिल नहीं है.कश्मीर घाटी में 1990 के दशक के अशांत दौर को याद करते हुए शाह ने कहा कि अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के बाद वहां की स्थिति में व्यापक बदलाव आया है.
शाह ने कहा कि विपक्षी दलों ने यह दावा करते हुए उनकी आलोचना की थी कि अनुच्छेद 370 का आतंकवाद से कोई संबंध नहीं है, लेकिन कश्मीर घाटी में आए बदलावों ने इस दावे को गलत साबित किया है.कश्मीर घाटी में यह बदलाव केवल आतंकवादियों का खात्मा करने से नहीं आया, बल्कि कश्मीर के युवाओं के बीच भेदभाव और अलगाव की भावना को समाप्त करने से भी आया है.
ये भी पढे़ं-पीएम मोदी ने नीतीश सेतु का किया उद्घाटन, वैशाली-पटना का सफर होगा और आसान, एयरपोर्ट पर पूर्व CM को लगाया गले
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं