बेंगलुरु में एक पति ने कुत्ते की बेल्ट से पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुदकुशी कर ली. उत्तर प्रदेश के रहने वाले इस जोड़े की शादी तीन साल पहले हुई थी. बेंगलुरु के चन्नमनाकेरे अचुकट्टू पुलिस स्टेशन इलाके में यह घटना हुई. मृतकों की पहचान मनोज और उनकी पत्नी सपना के तौर पर हुई है. दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे. हालांकि, परिवार उत्तर प्रदेश का था, लेकिन मनोज का जन्म और पालन-पोषण बेंगलुरु में ही हुआ था और वह बढ़ई (कारपेंटर) का काम करते थे.
दोनों में होते अक्सर झगड़े
पुलिस ने बताया कि जोड़े की शादी को लगभग तीन साल हो चुके थे. दोनों पति-पत्नी मनोज के माता-पिता व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहते थे. बताया जा रहा है कि मनोज पिछले चार दिनों से काम पर नहीं जा रहे थे और पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे. दोपहर के समय उनके कमरे में दोनों के बीच फिर से बहस हुई. बहस के दौरान, मनोज ने कथित तौर पर नायलॉन की डॉग लीश (कुत्ते की बेल्ट) से सपना का गला घोंट दिया.
पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट
पत्नी की कथित हत्या के बाद, आशंका है कि मनोज ने उसी नायलॉन की बेल्ट का इस्तेमाल करके कमरे में लगे सीलिंग फैन से फांसी लगा ली. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज किया. आगे की जांच जारी है. अभी तक पुलिस को हत्या और खुदकुशी के कारणों को पता नहीं चल पाया है. घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है. पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से भी पूछताछ कर रही है.
यह भी पढ़ें-
दो शहर, दो नरबली ! क्यों गड़े खजाने की तलाश में पिता ने बेटी को मारा, दोस्तों ने ली कारोबारी की जान
| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं