- सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश कम से कम तीन महीने पहले से रची थी
- चेतन ने शादी के लिए तीन साल का वक्त मांगा था ताकि करियर में स्थिरता हासिल कर सकें और सिया आजाद रह सके
- आरोपियों ने हत्या के विभिन्न तरीकों की जानकारी गूगल पर खोजे और उससे जुड़े वीडियो भी देखे थे
पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में खुलासों ने पूरे भारत को हैरान कर रखा है. मंगेतर की हत्या अपने प्रेमी के साथ मिलकर करने वाली सिया के कारनामे सभी को चौंका रहे हैं. सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में यह बात सामने आई है कि सिया गोयल के प्रेमी चेतन चौधरी ने उससे शादी करने के लिए कम से कम तीन साल का समय मांगा था. फिलहाल सिया की उम्र 20 साल और चेतन की उम्र 22 साल है.
क्या था 3 साल वाला प्लान
साजिश के तहत, अगर केतन की हत्या हो जाती, तो परिवार में मातम के चलते अगले कुछ साल तक सिया की शादी की शायद बात नहीं उठती. इन तीन सालों में चेतन अपने करियर में सेटल होना चाहता था. वहीं, सिया को भी अगले तीन साल तक अपनी मर्जी से आजाद जिंदगी जीने का मौका मिल जाता. इसके बाद दोनों शादी करने वाले थे. इसी मंसूबे के चलते दोनों ने केतन को रास्ते से हटाने का फैसला किया. आरोपियों की गूगल सर्च हिस्ट्री से पता चला है कि उन्होंने हत्या किन-किन तरीकों से की जा सकती है, इससे जुड़े कई वीडियो देखे थे. जांच में यह भी साफ हुआ है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने इसी साल फरवरी महीने से ही केतन की हत्या की साजिश रचना शुरू कर दिया था.
सिया की मां ने बेटी पर क्या कहा
सिया की मां पूजा गोयल ने घटना पर हैरानी जताते हुए कहा, "जब मैंने इस घटना के बारे में सुना, तो हैरान रह गई. मैं सोचती रही कि ऐसा कैसे हो सकता है. केतन का परिवार आज जो दुख झेल रहा है, वह बहुत बड़ा है, लेकिन मुझे और भी ज़्यादा दुख हो रहा है क्योंकि दो परिवार बर्बाद हो गए हैं.'' उन्होंने कहा कि केतन बहुत अच्छा इंसान था. अगर इस मामले में कोई भी दोषी पाया जाता है, तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, भले ही वह मेरी बेटी ही क्यों न हो." उन्होंने कहा, "अगर मेरी बेटी दोषी पाई जाती है, तो उसे भी उसी जगह से नीचे फेंक दिया जाना चाहिए, जहां से केतन गिरा था."
सिया के पापा ने बेटी पर क्या कहा
वहीं, सिया के पापा प्रवीण गोयल ने केतन की मौत पर दुख जताया और कहा कि केतन के परिवार के लिए यह नुकसान बहुत बड़ा है. प्रवीण गोयल ने कहा, "जो हुआ वह बहुत दुखद घटना है. मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है. उन्होंने अपना बेटा खो दिया है. मैं उससे बहुत प्यार करता था. मैं उससे इतना जुड़ा हुआ था कि मानो उसको अपना बेटा ही मानने लगा था. इतना प्यारा, होनहार और अच्छा लड़का आज हमने उसे खो दिया. एक पिता के तौर पर मैं कहूंगा, उन्होंने अपना बेटा खो दिया, इससे बड़ा दुख और कोई नहीं हो सकता. कुछ दिन पहले ही उन्होंने सिया का जन्मदिन मनाया था और आगे एक बेहतर जिदंगी के सपने देखे थे."
ये भी पढ़ें-
सिया-चेतन से उतरा प्यार का बुखार, केतन मर्डर केस में एक-दूसरे को ठहरा रहे कसूरवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं