विज्ञापन
This Article is From Jun 13, 2017

मुंबई : मॉडल और नवोदित अभिनेत्री कृतिका चौधरी की मौत हादसा नहीं हत्या

कृतिका के घर से हाथ में पहना जाने वाला नुकीला पंच बरामद हुआ, हत्या उसी से किए जाने का संदेह

मुंबई : मॉडल और नवोदित अभिनेत्री कृतिका चौधरी की मौत हादसा नहीं हत्या
पोस्ट मार्टम रिपोर्ट से साफ हो गया है कि मॉडल और अभिनेत्री कृतिका चौधरी की हत्या की गई.
  • कृतिका की मौत उसके सिर में चोट लगने की वजह से हुई
  • तीन दिन पहले दो लोग कृतिका से मिलने आए थे
  • हरिद्वार से आई कृतिका बॉलीवुड में पैर जमाने में जुटी थी
मुंबई: मॉडल और नवोदित अभिनेत्री कृतिका चौधरी की रहस्यमय मौत ने मुंबई पुलिस को भी उलझन में डाल दिया है. पहले जहां यह एक हादसा लग रहा था वहीं अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ हो गया है कि कृतिका की मौत उसके सिर में चोट लगने की वजह से हुई है.

कृतिका के घर से हाथ में पहना जाने वाला नुकीला पंच बरामद हुआ है. शक है कि हत्या उसी से की गई है. साथ में खून से सनी एक शर्ट और टी शर्ट भी मिली है. नए खुलासे के बाद अंबोली पुलिस ने मामले में धारा 302 भी जोड़ दी है.

इलाके के एसीपी अरुण चव्हाण ने बताया कि पुलिस को अंधेरी पश्चिम में चार बंगला के भैरवनाथ बिल्डिंग की पांचवी मंजिल के एक घर से बदबू आने की सूचना मिली थी. पुलिस जब वहां पहुंची तो दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था और घर का एसी चल रहा था. अंदर जाने पर कृतिका का शव पड़ा मिला. शव सड़ना शुरू हो गया था. पुलिस को शक है कि कृतिका की मौत तीन से चार दिन पहले हुई होगी.

अंधेरी पश्चिम में चारबंगला की भैरवनाथ बिल्डिंग में रहने वाली कृतिका पेशे से मॉडल और अभिनेत्री थी. हरिद्वार से आई कृतिका बॉलीवुड में अपने पैर जमाने में जुटी थी. वह टीवी सीरियल में काम करने के अलावा फिल्म ‘रज्जो’ और ‘मुंबई कैन डांस साला’ में भी काम कर चुकी थी. बिल्डिंग के सामने बने मंदिर के पुजारी और कृतिका को जानने वाले अभिमन्यु पंडित के मुताबिक वह तकरीबन दो साल से उस मकान में किराए पर अकेली रह रही थी. कभी किसी से उसका कोई विवाद नहीं हुआ था.
 
kritika chaudhary

इस बीच बिल्डिंग के चौकीदार से पूछताछ में पता चला है कि तीन दिन पहले दो लोग कृतिका से मिलने आए थे. पुलिस ने शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है. बिल्डिंग के बाहर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की तस्वीरें भी खंगाली जा रही हैं.

पुलिस के मुताबिक घर से किसी भी तरह की चोरी के सबूत नहीं मिले हैं इसलिए आपसी विवाद ही हत्या की वजह हो सकती है. कृतिका के करीबी दोस्त भी शक के दायरे में हैं.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kritika Choudhary, Kritika Choudhary Murdered, Mumbai, Maharashtra, Haridwar, Mumbai Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com