विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, पुलिस ने 50 लाख की ज्वेलरी और 11 लाख रुपये किया बरमाद

पुलिस के साथ जिन बदमाशों का इनकाउंटर हुआ है वो इलाके में कई बड़ी आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे थे. पुलिस की जांच में पता चला है कि ये सभी आरोपी एक अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा भी थे.

ग्रेटर नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, पुलिस ने 50 लाख की ज्वेलरी और 11 लाख रुपये किया बरमाद
ग्रेटर नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़
NDTV
ग्रेटर नोएडा:

ग्रेटर नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की खबर आ रही है. इस मुठभेड़ में दो अपराधियों को पैर में गोली लगी है. पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार भी किया है. पुलिस की जांच में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य थे. ये मुठभेड़ ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाने इलाके की बताई जा रही है. 

मिल रही जानकारी के अनुसार मोजर बियर गोलचक्कर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिसमें दो बदमाश वकील उर्फ रिजवान और सरफराज पैर में गोली लगने से घायल हो गए. वहीं, उनके दो अन्य साथियों, भोले उर्फ भोला और अलीजान को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया. घायल बदमाशों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

पुलिस ​पूछताछ में बदमाशों ने बताया है कि यह गिरोह नोएडा दिल्ली और गाजियाबाद में घूमकर बंद पड़े घरों को निशाना बनाता था. गिरोह का एक सदस्य भोले रैपिडो बाइक चालक है, जो सोसायटियों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करता था और अपने साथियों को सटीक जानकारी देता था। इस गिरोह ने सूरजपुर की पैरामाउंट सोसाइटी, जैतपुर, जनपद रामपुर और सेक्टर-144 इलाके में चोरी की कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था.

पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए बदमाशों के ऊपर करीब 3 दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. अब इनके अन्य आपराधिक इतिहास की गहनता से जांच कर रही है. इस गिरोह ने सूरजपुर क्षेत्र के ग्राम तिलपता के पास स्थित पैरामाउंट सोसायटी में दिनांक 25-04-2026 को मकान नंबर सी-98 का ताला तोड़कर घर में रखे हुए सोने के बिस्कुट और भारी मात्रा में सोने चांदी के जेवरात चोरी करकर फरार हो गए थे.

जानकारी के अनुसार​ पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 63 लाख रुपये आंकी गई है. इसमें 200 ग्राम सोने के बिस्किट, 100 ग्राम सोने के आभूषण, 450 ग्राम चांदी के जेवरात और 11 लाख 27 हजार रुपये की भारी-भरकम नगदी शामिल है. इसके अलावा मौके से घटना में इस्तेमाल की गई दो बिना नंबर की मोटरसाइकिलें, चार अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

वहीं डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया की सूरजपुर पुलिस लोकल इंटेलीजेंस की मदद से मोजर बियर गोलचक्कर पर चेकिंग कर रही थी, तभी अचानक संदिग्ध वाहन आता हुआ दिखाई दिया  उसको रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर गोली चला दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलायी, जिसमें दो बदमाशों को पैर में गोली लगी और अन्य दो बदमाशों को कॉम्बिंग के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. इन बदमाशों ने पैरामाउंट सोसाइटी में कुछ समय पहले एक मकान का ताला तोड़कर काफी भारी मात्रा में सोने, चांदी जेवरात की चोरी कर फरार हो गए थे. इन बदमाशों पर करीब तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. इस गिरोह के खिलाफ पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com