विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा में नकाबपोश दबंगों का कहर: चाय स्टॉल संचालक को बेरहमी से पीटा, CCTV में कैद हुई वारदात

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा टू में तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक चाय स्टॉल संचालक युवक (तुषार) पर बिना किसी वजह के हमला कर दिया. बदमाशों ने युवक को लात-घूंसों और कुर्सी से जमकर पीटा और फरार हो गए. पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

ग्रेटर नोएडा में नकाबपोश दबंगों का कहर: चाय स्टॉल संचालक को बेरहमी से पीटा, CCTV में कैद हुई वारदात

Greater Noida Crime News: उत्‍तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के बीटा टू थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेखौफ बदमाशों ने एक चाय स्टॉल संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया. घटना सेक्टर अल्फा टू की है, जहां तुषार नाम का युवक अपनी रोजमर्रा की जिंदगी चलाने के लिए चाय, बीड़ी और सिगरेट का स्टॉल लगाता है.

मुंह पर कपड़ा बांधे तीन नकाबपोश आए 

रोज की तरह तुषार रात के समय अपनी दुकान पर ग्राहकों को सामान दे रहा था, तभी अचानक मुंह पर कपड़ा बांधे तीन नकाबपोश दबंग वहां पहुंचे. उन्होंने बिना कुछ कहे या बात किए सीधे तुषार पर हमला बोल दिया. बदमाशों ने पहले तुषार के बाल पकड़े और उसे ताबड़तोड़ थप्पड़ और घूंसे मारने शुरू कर दिए. मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि युवक जमीन पर गिर गया, लेकिन दबंगों का दिल फिर भी नहीं पसीजा. उन्होंने जमीन पर गिरे तुषार को लात-घूंसों से पीटा और पास ही रखी प्लास्टिक की कुर्सी उठाकर उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया.

गुंडागर्दी स्टॉल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद 

करीब एक मिनट तक चली इस बर्बरता के बाद, तीनों हमलावर बिना किसी खौफ के बड़ी ही शान से मौके से फरार हो गए. इस हमले में तुषार गंभीर रूप से घायल हो गया है. दबंगों की यह पूरी गुंडागर्दी स्टॉल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें उनकी करतूत साफ देखी जा सकती है.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की कोश‍िश 

घटना के बाद पीड़ित ने स्थानीय पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त और तलाश में जुट गई है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की हुल्लड़बाजी और दबंगई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जल्द ही तीनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. 

यह भी पढ़ें- 'ट्विशा ने जिस फोन में सबूत जुटाए उसे छिपाया गया', दोस्त प्राची ने किए बड़े खुलासे, कटघरे में क्यों PM रिपोर्ट?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Greater Noida Crime, Tea Stall Vendor Attacked, Beta 2 Police Station, Sector Alpha 2, CCTV Footage
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com