विज्ञापन

जमीन के झगड़े में सैनिक ने ही परिवार को घेरकर पीटा, मां और भाइयों पर बरसाए डंडे 

पंजाब के गुरदासपुर में जमीन विवाद ने परिवार को आमने-सामने ला दिया. छुट्टी पर घर आए सैनिक पर उसकी मां, भाई और अन्य रिश्तेदारों ने हमला कर दिया.

जमीन के झगड़े में सैनिक ने ही परिवार को घेरकर पीटा, मां और भाइयों पर बरसाए डंडे 
पंजाब में एक फौजी ने अपने ही परिवार पर हमला कर दिया.
  • वजीर सिंह को दुकान के पास बुलाकर परिवार के सदस्यों ने अचानक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था
  • घायल सैनिक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन परिवार ने इलाज में लापरवाही और धमकियों का आरोप लगाया है
  • पुलिस ने घायल सैनिक का बयान दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी

पंजाब के गुरदासपुर जिले के सैनपुर अब्बल खैर गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. छुट्टी पर घर आए सैनिक वजीर सिंह पर उसके ही परिवार के लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है. सैनिक की पत्नी सिम्मी सैनी का कहना है कि उनके पति ने एक दुकान बनवाई थी और उसे अपने नाम पर रजिस्टर्ड कराया था. इसी बीच जमीन और संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था.

भाइयों पर जमीन कब्जाने का आरोप

सिम्मी के अनुसार उनके पति के भाइयों ने खेती वाली जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है. परिवार के लोगों ने वजीर सिंह को फोन कर दुकान के पास बुलाया और कहा कि संपत्ति विवाद को बातचीत से सुलझाया जाएगा. परिजनों की बात पर भरोसा कर जब वजीर सिंह मौके पर पहुंचे तो हालात अचानक बदल गए.

गाड़ी से उतरते ही शुरू हो गया हमला

आरोप है कि जैसे ही वजीर सिंह अपनी गाड़ी से बाहर निकले परिवार के कई लोगों ने उन पर हमला कर दिया. मारपीट इतनी गंभीर थी कि वह बुरी तरह घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलने पर सिम्मी भी मौके पर पहुंचीं. उन्होंने आरोप लगाया कि रिश्तेदारों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की कोशिश की. हंगामे और मारपीट के बीच सिम्मी ने अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली. यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भी इस मामले को लेकर चर्चा बढ़ गई है.

अस्पताल में भर्ती कराया गया सैनिक

हमले के बाद घायल वजीर सिंह को गुरदासपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. सिम्मी का दावा है कि उस समय उनके पति बेहोशी की हालत में थे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में उन्हें उचित इलाज नहीं मिला. सिम्मी का कहना है कि डॉक्टर ने हमलावरों के प्रभाव में आकर इलाज में लापरवाही बरती.

पत्नी के मुताबिक पति की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ने के कारण वह उन्हें घर ले आईं जहां अब उनका इलाज और देखभाल चल रही है. उन्होंने दावा किया कि रिश्तेदार लगातार धमकियां दे रहे हैं जिसके कारण परिवार डर के साए में जी रहा है. सिम्मी ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने जो दूसरी संपत्ति खरीदी थी उस पर भी रिश्तेदारों ने अपने ताले लगा दिए हैं. मामले की जांच कर रहे एएसआई जय सिंह ने बताया कि घायल सैनिक का बयान दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. 

यह भी पढ़ें- UP के लिए BJP की थ्री-लेयर स्ट्रैटजी... मोदी-शाह और नितिन नवीन को अलग-अलग जिम्मेदारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab News, Soldier Beaten, Punjab Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com