गुवाहाटी में एक शादीशुदा महिला की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को ठिकाने लगाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. लगभग 10 साल से चल रहे प्रेम संबंध में आई दरार इस हत्याकांड की वजह बनी. आरोपी ने महिला की हत्या करने के बाद शव को काटकर बोरे में भरकर फेंक दिया था. पुलिस ने अब मुख्य आरोपी को पकड़ लिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, प्रदीप ताये और जीना बैश्य के बीच करीब 10 साल से संबंध थे. दोनों खानापारा इलाके के एक ही आवासीय परिसर में किराए पर रहते थे. समय के साथ दोनों के बीच रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा था. जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच भी मतभेद पैदा हो गए थे.
पुलिस का कहना है कि 1 नवंबर को प्रदीप ताये ने जीना बैश्य को अपने साथ बाहर चलने के लिए कहा. आरोप है कि उसी दिन उसने बेलतला इलाके से एक हसिया (धारदार हथियार) खरीदा और अपनी मैजिक गाड़ी में रख लिया.
महिला के शव को काटकर बोरे में भरा
जांच के अनुसार, रात करीब 8 बजे वह जीना को खानापारा स्थित गणेश मंदिर के पास एक सुनसान जगह पर ले गया. वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर धारदार हथियार से महिला पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, महिला के शव को काटकर बोरे में भर दिया गया और उसे गणेश मंदिर के पास एक नाले में फेंक दिया गया. शव कई दिनों तक पहचान से बाहर रहा.
7 नवंबर को पुलिस को नाले से महिला का शव मिला. पहचान होने के बाद महिला के पति जीतू भुइसा ने उसी रात बशिष्ठा थाने में एफआईआर दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की और तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच गई.
आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस ने 8 नवंबर की रात प्रदीप ताये को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित रूप से अपना जुर्म कबूल किया. उसके बताए स्थान से हत्या में इस्तेमाल हसिया भी बरामद कर लिया गया. बशिष्ठा थाना प्रभारी कपिल पाठक ने बताया कि अब तक की जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने नहीं आई है. फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: दिवाली की अगली सुबह 400 पार पहुंचा AQI, पटाखों और प्रदूषण के असर पर वैज्ञानिकों का क्या है कहना?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं