विज्ञापन

पेट्रोल में इथेनॉल कहां और कैसे मिलाया जाता है, ट्रक के टैंकर में, पेट्रोल पंप पर या कहीं और? कर्नाटक में विवाद के बीच समझें प्रोसेस

आपकी बाइक-कार में जो पेट्रोल जाता है, उसमें इथेनॉल कहां मिलाया जाता है? क्या पेट्रोल पंप पर होती है ब्लेंडिंग या तेल कंपनियों के डिपो में तैयार होता है E20 फ्यूल? जानिए पूरा खेल.

पेट्रोल में इथेनॉल कहां और कैसे मिलाया जाता है, ट्रक के टैंकर में, पेट्रोल पंप पर या कहीं और? कर्नाटक में विवाद के बीच समझें प्रोसेस
पेट्रोल पंप पर कर्मचारी मिलाता है इथेनॉल या डिपो में होता है ये काम? पूरा सच
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

कर्नाटक में कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल में 20 फीसदी की निर्धारित मात्रा से ज्‍यादा इथेनॉल मिलाए जाने को लेकर विवाद जारी है. पेट्रोल के नमूनों की लैब जांच कराने वाली कर्नाटक सरकार 31 फीसदी तक इथेनॉल ब्‍लेंडिंग को लेकर तेल कंपनियों और केंद्र पर हमलावार है, वहीं इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम जैसी कंपनियों ने आरोपों से इनकार किया है. केंद्र सरकार ने भी 20 फीसदी इथेनॉल ब्‍लेंडिंग की ही बात कही है. कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को कहा कि इस खेल में प्रोसेसिंग यूनिट्स भी शामिल हैं. आज सोमवार को उनके मंत्री रिजवान अरशद एक डिटेल रिपोर्ट जारी करने वाले हैं, जिसमें सबूतों के साथ बताएंगे कि पेट्रोल में ज्‍यादा इथेनॉल ब्‍लेंडिंग कैसे और कहां की जाती है. 

कर्नाटक सरकार के रिपोर्ट जारी करने से पहले हम आपको ये समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि आप अपनी कार, बाइक में जो पेट्रोल भरवाते हैं, उसमें इथेनॉल कैसे और कहां मिलाया जाता है. पेट्रोल पंप का कर्मचारी ये पेट्रोल में इथेनॉल मिलाता है या फिर ये काम रिफाइनरी में होता है, ये समझ लीजिए. 

कहां और कौन मिलाता है पेट्रोल में इथेनॉल?

देश में इथेनॉल मिलाने का काम आम तौर पर तेल मार्केटिंग कंपनियों के डिपो मं होता है. इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियां ये कम करती हैं. पेट्रोल में कोई, हाथ से अंदाजे के आधार पर इथेनॉल डालने का प्रोसेस नहीं है. PIB की एक विज्ञप्ति के अनुसार, रिफाइनरी और डिपो स्तर पर इसके लिए नियंत्रित और तय अनुपात में मिश्रण तैयार करने वाले सिस्‍टम का इस्‍तेमाल किया जाता है. यहां पेट्रोल में इथेनॉल मिलाया जाता है और इसके बाद तैयार फ्यूल, देशभर के अलग-अलग पेट्रोल पंपों तक पहुंचाया जाता है.  

डिस्टिलरी से डिपो तक पहुंचता है इथेनॉल

पेट्रोल में मिलाने के लिए इथेनॉल की आपूर्ति डिस्टिलरी यानी इथेनॉल बनाने वाली इकाइयां करती हैं. संसद में दिए गए पेट्रोलियम मंत्रालय ने इस संबंध में जो जवाब दिया था, उसके मुताबिक पब्लिक सेक्‍टर की तेल मार्केटिंग कंपनियां यानी कि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम को इथेनॉल की आपूर्ति मुख्य रूप से निजी डिस्टिलरी से होती है. कंपनियां इसे अपने डिपो पर पेट्रोल में मिलाती हैं और फिर अपने खुदरा बिक्री नेटवर्क के जरिए बाजार में भेजती हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

स्‍टोरेज और ब्‍लेंडिंग के लिए अलग इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर 

इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों की इस व्यवस्था में भंडारण और मिश्रण तैयार करने के लिए अलग इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर होता है. इंडियन ऑयल के अनुसार, तेल कंपनियां इथेनॉल मिश्रण के लिए अपने टर्मिनल और डिपो की क्षमता बढ़ाने में निवेश करती रही हैं. लंबी दूरी तक इथेनॉल और इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पहुंचाने के लिए रेलवे का भी इस्तेमाल किया जाता है.  

कैसे तय होता है कितना इथेनॉल मिलाना है?

इस प्रक्रिया का सबसे अहम हिस्सा है सुरक्षित अनुपातिक ब्लेंडिंग यानी तय अनुपात में पेट्रोल और इथेनॉल का मिश्रण तैयार करना. पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, रिफाइनरी और डिपो में ऑटोमैटिक कैलिब्रेशन और प्रपोर्शनिंग की व्यवस्था इस्तेमाल होती है. 

आसान भाषा में इसका मतलब है कि मापने वाले उपकरणों की शुद्धता सुनिश्चित करके दोनों तरल पदार्थों की मात्रा नियंत्रित की जाती है. जैसे कि फिलहाल जो व्‍यवस्‍था है, उसके अनुसार 1 लीटर में 800 ML पेट्रोल और 200 ML इथेनॉल मिलाया जाता है. निर्धारित फ्यूल, मानकों और गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया के अनुसार तैयार होता है.  

इन-लाइन ब्लेंडिंग और स्प्लैश ब्लेंडिंग 

इथेनॉल मिलाने की तकनीकों में इन-लाइन ब्लेंडिंग और स्प्लैश ब्लेंडिंग शामिल हैं. इन-लाइन ब्लेंडिंग में पाइप से गुजर रहे पेट्रोल में मापी हुई मात्रा में इथेनॉल डाला जाता है. स्प्लैश ब्लेंडिंग में बेस पेट्रोल के साथ इथेनॉल सीधे टैंकर या डिलीवरी ट्रक में डाला जाता है. 

ICRIER यानी भारतीय अंतरराष्ट्रीय आर्थिक संबंध अनुसंधान परिषद यानी ICRIER की अध्ययन रिपोर्ट इन दोनों तरीकों का अंतर बताती है. हालांकि, ऐसा नहीं है कि देश के हर डिपो पर एक ही तरीका इस्‍तेमाल किया जाता है.  

Latest and Breaking News on NDTV

E20: कौन तय करता है, कितना इथेनॉल मिलाया जाएगा?

केंद्र सरकार मानकों के आधार पर तय करती है कि पेट्रोल में कितना फीसदी इथेनॉल मिलाया जा सकता है. देश का तेल आयात बिल कम करने के लिए केंद्र ऐसा करती है. समय-समय पर सरकार इसमें मानकों के मुताबिक बदलाव करती है. 

फिलहाल E20 पेट्रोल की स्‍वीकृति है, जिसमें इथेनॉल की हिस्सेदारी लगभग 20 प्रतिशत होती है. इसे आसान उदाहरण से समझें तो 100 लीटर तैयार फ्यूल में करीब 20 लीटर इथेनॉल और बाकी पेट्रोल होता है. क्‍वालिटी स्टैंडर्ड में स्वीकार्य सीमा भी तय है. 

पेट्रोलियम मंत्रालय के 8 नवंबर 2026 के क्‍लेरिफिकेशन के मुताबिक, E20 के लिए इथेनॉल की निर्धारित स्वीकार्य मात्रा 19 से 21 प्रतिशत है और यह ईंधन भारतीय मानक IS 17021 के अनुरूप होना चाहिए.  

इसी में सरकार ने बताया कि 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से लिए गए 893 नमूनों में इथेनॉल की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई. यह नतीजा जांचे गए नमूनों का है; इसे देश में बिकने वाले हर लीटर पेट्रोल की अलग-अलग जांच के तौर पर नहीं समझना चाहिए. 

पानी से बचाना क्यों जरूरी है?

इथेनॉल मिश्रित ईंधन की आपूर्ति को पानी से बचाना बहुत जरूरी है. टोटल एनर्जीज के अनुसार, इथेनॉल के स्‍टोरेज टैंक साफ होने चाहिए और फिर इस्तेमाल से पहले उनमें मौजूद पानी व तलछट हटाई जानी चाहिए. इससे तेल दूषित होने और जंग लगने का खतरा नहीं रहता. 

इंडियन ऑयल ने अपनी मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइंस में भी बताया है कि पानी और इथेनॉल की मात्रा की जांच का प्रावधान है. इनके मुताबिक, टैंक से पानी हटाने के बाद इथेनॉल की मात्रा दोबारा जांची जाती है. अगर ये तय सीमा में न हो तो पेट्रोल बेचने पर रोक लगाकर संबंधित अधिकारी को सूचना दी जाती है. इसलिए क्‍वालिटी कंट्रोल केवल ब्‍लेंडेड E20 पेट्रोल बनाने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि स्‍टोरेज और बिक्री के दौरान भी जारी रहता है. 

पेट्रोल पंप की क्‍या जिम्‍मेवारी?

मौजूदा व्यवस्था में पेट्रोल पंप को पहले से तैयार इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल मिलता है. डीलर की जिम्मेदारी सही क्‍वालिटी का पेट्रोल बेचना होता है, जबकि तेल कंपनी की जिम्मेदारी तय सरकारी निर्देशों के अनुसार सही मिश्रण तैयार करना है. इंडियन ऑयल की गाइडलाइन भी दोनों जिम्मेदारियों को अलग-अलग स्पष्ट करती है. 

इस तरह डिस्टिलरी में बने इथेनॉल से लेकर गाड़ी की टंकी तक पहुंचने वाला पेट्रोल कई चरणों से होकर गुजरता है- सप्‍लाई, स्‍टोरेज, इथेनॉल ब्‍लेंडिंग, क्‍वालिटी कंट्रोल, डिस्‍ट्रब्‍यूशन, सेलिंग. डिस्टिलरी से डिपो और फिर पेट्रोल पंप तक इथेनॉल ब्‍लेंडिंग की जांच की जा सकती है.  

Sources: NDTV Research (Business Desk), PIB, Sansad.in, IOCL, totalenergies

यह भी पढ़ें | पेट्रोल में 20 की जगह 30% इथेनॉल? कर्नाटक में लैब टेस्‍ट में तेल हुआ फेल, इंडियन ऑयल और BPCL ने भी कराई जांच

यह भी पढ़ें | भारत में E20 पर बवाल तो ब्राजील ने कैसे किया कारों में E100 का कमाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Petrol Ethanol Blending, Petrol Ethanol Percentage India, Ethanol Blended Fuel Myth, Ethanol Blended Petrol India, Karnataka Govt
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com