Zaheer Khan on Team India's Most Promising Fast Bowler: टीम इंडिया के सामने श्रीलंका के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज है और ऐसे में टीम के पास तेज गेंदबाजी विकल्प को लेकर चर्चा छिड़ी वो भी तब जब जसप्रीत बुमराह चोट की वजह से सीरीज से बाहर हो गए. इस बीच अहम किरदार के तौर पर मोहम्मद सिराज के साझेदार के तौर पर एक ऐसे विकल्प को लेकर बात चली जो बुमराह जैसे दिग्गज गेंदबाज की जगह को भर सके लेकिन ऐसा हो इसकी कोई गारंटी नहीं दी जा सकती. ऐसे में पिछले 2 साल में बुमराह और सिराज की जगह अब तक कोई बेहतर विकल्प टीम इंडिया को नहीं मिल पाया है.
इस बीच भारत के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान ने युवा भारतीय तेज गेंदबाजों के भविष्य को लेकर और उभरते हुए गेंदबाजी विकल्प को लेकर चर्चा की. इस दौरान जहीर खान ने पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को सभी विकल्पों में सबसे होनहार बताया. 6 फुट 5 इंच लंबे इस तेज गेंदबाज को जून में टेस्ट टीम के लिए चुना गया था. जबकि उन्होंने बहुत कम फर्स्ट-क्लास मैच खेले थे और उन्हें IPL का भी अनुभव था.
लंबा करियर बनाने की पूरी संभावना - जहीर
2011 विश्व कप विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे जहीर खान ने पत्रकार विमल कुमार से बातचीत में गुरनूर बरार की जमकर तारीफ की. जहीर के मुताबिक, बरार में तेज रफ्तार के साथ गेंदबाजी करने की क्षमता है और उनके अंदर लंबा करियर बनाने की पूरी संभावना नजर आती है. उन्होंने कहा कि बरार को जिस तरह कम समय में आगे बढ़ने के मौके मिले हैं, वह अच्छी बात है. जहीर ने यह भी बताया कि बरार के साथ समय बिताने के दौरान उन्हें उनकी प्रतिभा काफी प्रभावित करने वाली लगी. हालांकि, उन्होंने माना कि आगे चलकर बरार अपने करियर को किस तरह आकार देते हैं, यह देखना अहम होगा.
श्रीलंका दौरे पर बरार को अभ्यास मैच में भी मौका मिला है. श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ तीन दिवसीय मुकाबले में उन्होंने गेंद से तीन विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए भी बरार ने तेज पारी खेली. उन्होंने महज 18 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 36 रन बनाए, जिसमें चार छक्के शामिल रहे.
बता दें, श्रीलंका के खिलाफ सीरीज भारत के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से काफी अहम है. अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर मौजूद भारत फाइनल में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को बढ़ाने के लिए छठे स्थान पर काबिज श्रीलंका के खिलाफ 2-0 की जीत हासिल करना चाहेगा.
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच कब है?
भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. इसके बाद सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच की मेजबानी कोलंबो का सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान करेगा, जिसका आगाज 23 अगस्त से होना है. शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ अपने दमदार रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेगी.
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए अपडेटेड टीम इंडिया स्क्वॉड
शुभमन गिल (कैप्टन), केएल राहुल (वाइस-कैप्टन), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं