विज्ञापन

पाकिस्तान या श्रीलंका? महिला एशिया कप के फाइनल में कब-कहां होगा टीम इंडिया का मुकाबला

सात बार की चैंपियन भारतीय टीम ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 40 रन से हरा दिया. इसके साथ ही टीम इंडिया ने रविवार को होने वाले महिला एशिया कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है.

पाकिस्तान या श्रीलंका? महिला एशिया कप के फाइनल में कब-कहां होगा टीम इंडिया का मुकाबला
भारतीय महिला टीम
BCCI

सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (64 रन) के अर्धशतक की बदौलत सात बार की चैंपियन भारतीय टीम ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 40 रन से हरा दिया. इसके साथ ही टीम इंडिया ने रविवार को होने वाले महिला एशिया कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है. भारत अब श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से भिड़ेगा.

शेफाली (सात चौके और तीन छक्के) ने अन्य भारतीय बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद चुनौतीपूर्ण पिच पर मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए भारतीय टीम को छह विकेट पर 149 रन के स्कोर तक पहुंचाया. शेफाली को 40 गेंद की आक्रामक पारी के दौरान तीन बार जीवनदान मिला.

20 ओवर में 109 रन ही बना सकी बांग्लादेश की टीम

बांग्लादेश की टीम के लिए इस लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल ही लग रहा था और ऐसा ही हुआ. टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 109 रन ही बना सकी. उसके लिए शोर्णा अख्तर नाबाद 22 रन बनाकर टॉप स्कोर रहीं. दिलारा अख्तर ने 21 और कप्तान निगार सुल्ताना ने 19 रन बनाए. स्पिन के मुफीद परिस्थितियों में भारत के लिए अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा ने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि श्री चरणी और प्रेमा रावत को एक एक विकेट मिला. नंदनी शर्मा ने दो विकेट प्राप्त किए.

बांग्लादेश को कैच छोड़ना पड़ा भारी

टूर्नामेंट में अब तक प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले बांग्लादेश के गेंदबाजी अटैक ने भारतीय बल्लेबाजों को पारी के अधिकांश हिस्से में खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. बांग्लादेश ने कुल चार कैच छोड़े, वर्ना भारत के लिए 120 रन का आंकड़ा पार करना भी मुश्किल होता. आमतौर पर स्पिन गेंदबाजी को बखूबी खेलने वाली भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर (28 गेंद में नाबाद 24 रन) अपनी पारी के अधिकांश समय संघर्ष करती रहीं. उन्होंने अपनी पहली 16 गेंदों पर सिर्फ चार रन बनाए.

शेफाली ने अकेले दम पर भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. उन्हें छह ,11 और 56 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला. शीर्ष चार भारतीय बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट 100 से कम रहा जबकि शेफाली ने 160 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए. उनकी पारी में स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ तीन छक्के भी शामिल थे.

इस आक्रामक सलामी बल्लेबाज ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए. उनकी पारी में तेज गेंदबाज मारूफा अख्तर की गेंद पर फ्रंट-फुट पुल शॉट, रिवर्स स्वीप शॉट और स्पिनरों के खिलाफ सीधे मैदान के ऊपर से लगाए गए जोरदार शॉट शामिल थे. भारत ने पावरप्ले में एक विकेट पर 45 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन बीच के ओवरों में रन गति बढ़ाने में नाकाम रहा.

भारत की तीसरे नंबर की नयी बल्लेबाज प्रतिका रावल (24 गेंद में 20 रन) टूर्नामेंट में दबाव में रही हैं, लेकिन बृहस्पतिवार को उन्होंने शानदार शुरुआत की. उन्होंने अख्तर की गेंद पर बेहतरीन कवर ड्राइव लगाया. बाद में उन्होंने क्रीज से बाहर निकलकर छक्का लगाया, लेकिन इसी गेंदबाज की गेंद पर आउट हो गईं. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष (16 गेंद में 21 रन) भी शुरुआत में धीमी रहीं, लेकिन उन्होंने महत्वपूर्ण रन जोड़ने में सफलता हासिल की. कप्तान हरमनप्रीत ने पारी के अंत में दो छक्के लगाए. बांग्लादेश के लिए सुल्ताना खातून ने दो जबकि राबिया खान, नाहिदा अख्तर और मारूफा अख्तर ने एक एक विकेट झटके.

कब-कहां होगा महिला एशिया कप 2026 का फाइनल मैच?

महिला एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार, 13 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. यह खिताबी मैच स्थानीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होगा, जबकि भारतीय समयानुसार ये मैच रात 8 बजे से शुरू होगा. जिसमें भारतीय महिला टीम का सामना दूसरे सेमीफाइनल की विजेता, यानी श्रीलंका या पाकिस्तान से होगा.

ये भी पढ़ें-  रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप पर तोड़ी चुप्पी, दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन बनीं चैंपियन, पढ़ें Sports की Top-10 खबरें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Women, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com