पिछले कुछ समय से पूर्व कप्तान रोहित शर्मा लगातार सुर्खियों में चल रहे हैं. कभी उनके संन्यास से जुड़ी खबरें आती हैं, तो कभी मिशन 2027 विश्व कप में स्थिति को लेकर, तो कभी कुछ. हाल ही में रिव्यू मीटिंग के दौरान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सचिव देवजीत सैकिया ने भी रोहित का पूरा समर्थन किया था, लेकिन पिछले बहुत लंबे समय से चुप्पी साधे पूर्व कप्तान ने अब खुद इस विषय पर स्थिति साफ कर दी है गुरुवार को यह पूछे जाने पर कि क्या वह उस समय वनडे विश्व कप खेलेंगे, जवाब देते हुए कहा कि अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है. पूर्व कप्तान की ओर से यह एक लाइन का जवाब यहां एक कार्यक्रम के इतर आया, जो कि इस बात को लेकर लग रही अटकलों और उनके करियर के आगे के रास्ते के बीच आया एक बड़ा बयान है, क्योंकि वह अब T20I और टेस्ट प्रारूप नहीं खेलते हैं.
रोहित ने ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में दर्शकों में से एक सदस्य द्वारा अपनी भागीदारी के बारे में पूछे जाने पर कहा, "अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है, हम तब इसके बारे में देखेंगे." साल 2027 वनडे विश्व कप की सह-मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया द्वारा की जानी है. उनसे यह भी पूछा गया कि क्या भारत के खिताब जीतने की स्थिति में प्रशंसकों के साथ जश्न मनाने के लिए 2024 की तरह कोई ओपन बस परेड होगी, जब रोहित के नेतृत्व वाली टीम ने वेस्टइंडीज में टी20 विश्व कप जीत के बाद मुंबई में विजय परेड निकाली थी.
इस पर पूर्व कप्तान रोहित ने जवाब दिया, "मुझे नहीं लगता कि अब बस परेड संभव होगी"
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने यह स्पष्ट कर दिया है कि इस दिग्गज बल्लेबाज को लेकर अटकलों की कोई गुंजाइश नहीं है क्योंकि वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं. रोहित ने वनडे में भारत के लिए अपनी पिछली पारी में शतक जड़ा था. सैकिया ने कुछ दिन पहले यहाँ बीसीसीआई मुख्यालय में अपनी समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, "वह सभी मैचों में शानदार खेल रहे हैं, तो आप और क्या चाहते हैं? पिछले मैच में (इंग्लैंड के खिलाफ), उन्होंने 138 रन बनाए, तो फिर अटकलें क्यों लगाई जा रही हैं? मैं अटकलें लगाने वालों को कोई मसाला नहीं देना चाहता."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं