विज्ञापन

क्या विराट आज खेलेंगे? KKR के खिलाफ CSK की जीत में कैसे याद आ गए कोहली और सचिन, कैसे है 37 के विराट की फिटनेस बरकरार

CSK vs KKR IPL 2026: क्रिकेट में जब भी फ़िटनेस की बात होती है विराट कोहली ज़रूर याद आते हैं. 37 साल के चैंपियन विराट में गज़ब का अनुशासन है जिसकी वजह से उनकी फ़िटनेस किसी 20 साल के ख़िलाड़ी से भी बेहतर नज़र आती है.

क्या विराट आज खेलेंगे? KKR के खिलाफ CSK की जीत में कैसे याद आ गए कोहली और सचिन,  कैसे है 37 के विराट की फिटनेस बरकरार
CSK vs KKR IPL 2026:

CSK vs KKR IPL 2026: आज बेंगलुरु बनाम लखनऊ के मैच से पहले सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या आज विराट कोहली इस मैच को खेलने के लिए मैदान पर उतरेंगे? पिछले मैच में मुंबई के खिलाफ वो घायल नज़र आये थे. लेकिन चेन्नई और कोलकाता के मैच के बीच पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने विराट कोहली पर एक बयान देकर हलचल मचा दी. 17वें ओवर में जब चेन्नई की जीत लगभग तय हो गई थी और कोलकाता को 19 गेंदों पर 66 रनों की ज़रूरत थी, चेन्नई के पेसर खलील अहमद के मांसपेशियों में खिंचाव आ गया और वो अपने चौथे ओवर की आखिरी गेंद नहीं डाल पाए. खलील अहमद रमनदीप सिंह की तरफ गेंद लेकर दोड़े मगर गेंद डालने से पहले उनकी मांसपेशियां खिंची और वो पिच पर दौड़ते चले गए.

उनकी आखिरी गेंद चेन्नई के बांये हाथ के 27 साल के पेसर गुरजनप्रीत सिंह ने डाली जिसे रमनदीप ने चौका जड़ दिया. खलील अहमद ने 3.5 ओवर में 24 रन खर्च 1 विकेट अपने नाम कर दिया. खलील अहमद की इंजरी को STAR SPORTS पर पूर्व क्रिकेटर और कॉमेन्टेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने फ़ौरन भांप लिया और बताया कि खलील अहमद क्यों अपना ओवर नहीं ख़त्म कर सकते. 

‘विराट इस तरह घायल नहीं होते'

नवजोत सिंह सिद्धू को खलील अहमद की इंजरी को देखकर अपने साथ हुआ पुराना वाकया भी याद आ गया. सिद्धू ने कहा, “एक बार मैं सिंगापुर में 99 पर खेल रहा था. ऐसे ही मेरी मांसपेशियां खिंच गईं. मैं वहीं गिर गया और मेरी आंखें सिंगापुर के अस्पताल में खुलीं.” सिद्धू ने सचिन तेंदुलकर की मिसाल भी पेश की और कहा कि पाकिस्तान के ख़िलाफ़ उनके साथ भी एकबार ऐसा हो चुका है. फिर सिद्धू ने विराट कोहली की मिसाल पेश की. उनकी फ़िटनेस की तारीफ़ की और कहा कि विराट कोहली के साथ ऐसा नहीं होता. वो बताते हैं कि इस तरह खिलाड़ी की मांसपेशी खिंच जाए तो वो वहीं उल्टी करने लगता है और खड़ा हो जाता है, वो आगे नहीं खेल सकता.  

चेन्नई की नमी खिलाड़ियों पर पड़ी भारी

चेन्नई की पिच पर ओस और नमी का असर कोलकाता और मेज़बान टीम के खिलाड़ियों पर साफ़ दिखा. मगर नमी के बावजूद चेन्नई के गेंदबाज़ों ने 192 के टोटल को भी अच्छी गेंदबाज़ी करते हुए डिफेंड कर लिया. चेन्नई ने कोलकाता को 32 रनों से हराकर 9वें से 8वें नंबर पर पहुंच गई. कोलकाता की टीम की बैटिंग एक बार फिर KKR के फ़ैन्स को खल गई. कोलकाता की टीम अपने चारों मैच गंवाकर प्वाइंट्स टेबल में 10वें नंबर पर यानी आखिरी पोज़ीशन पर है. 

विराट की फिटनेस का राज  

क्रिकेट में जब भी फ़िटनेस की बात होती है विराट कोहली ज़रूर याद आते हैं. 37 साल के चैंपियन विराट में गज़ब का अनुशासन है जिसकी वजह से उनकी फ़िटनेस किसी 20 साल के ख़िलाड़ी से भी बेहतर नज़र आती है. एक रिपोर्ट के मुताबिक विराट कोहली का बेस्ट यो-यो टेस्ट में स्कोर 21.6 रहा है (सितंबर 2025 में) है जो किसी अच्छे हॉकी खिलाड़ी के स्कोर जैसा है. 37 विराट कोहली अपने से 9 साल छोटे खलील अहमद से भी ज़्यादा फ़िट नज़र आते हैं. 

एक रिपोर्ट के मुताबिक विराट सुबह-सुबह हाइड्रेशन के लिए पानी पीते हैं, स्ट्रेचिंग और जिम में वर्कआउट करते हैं. वो हर रोज़ वेट ट्रेनिंग, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और कार्डियो ज़रूर करते हैं. सबसे बड़ी बात है उनकी जीभ पर उनका कंट्रोल. वो कहते हैं कि वो कोई भी हेल्दी खाना लगातार 6 महीने खा सकते हैं. खाने के स्वाद से उन्हें फ़र्क नहीं प़ता. 

क्या खाते हैं कोहली?

विराट के खाने को लेकर मीडिया में रिपोर्ट आती रही हैं. इन रिपोर्ट्स के मुताबिक विराट नाश्ते में अंडे,  पालक, पनीर; लंच में उबली हुई सब्जियां, पालक, चुकंदर, वेजीटेबल सूप उबली हुई सब्जियां, ग्लूटेन फ्री आटे की रोटियां, प्रोटीन शेक, मिक्स ड्राई फ्रूट और सीड्स, पपीता या तरबूज जैसे ताजा फल खाते हैं. 

लेकिन विराट खाने के मिथकों को तोड़ते भी रहते हैं. दिल्ली में खेले गए अपने आखिरी रणजी मैच में उनके कढ़ी-चावल खाने की रिपोर्ट भी आई थीं. सबसे बड़ी बात है विराट का खेल और इसलिए खाने के प्रति किसी योगी जैसा अनुशासन. यही वजह है कि फ़िटनेस की बात होते ही नवजोत सिंह सिद्धू विराट कोहली को याद किये बिना नहीं रह सके.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com