MS Dhoni Last Match at Chepauk: थाला धोनी क्या आज आईपीएल को अलविदा कह देंगे? क्या इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अपना पहला मैच खेलेंगे? यह सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि पांच साल पहले धोनी का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह आईपीएल का अपना आखिरी मुकाबला चेपॉक पर खेलेंगे. इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत से पहले कयास लगाए जा रहे थए कि यह धोनी का आईपीएल का आखिरी सीजन है. चेन्नई सुपर किंग्स सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एक्शन में होंगी. यह लीग स्टेज का उसका आखिरी मुकाबला है. ऐसे में धोनी के संन्यास की चर्चाएं हैं. इस बीच चेन्नई में धोनी के पूर्व साथी रविचंद्रन अश्विन ने एक क्रिप्टिक पोस्ट करके फैंस के दिलों की धड़कनें बढ़ा दी हैं.
भारत के पूर्व कप्तान ने पिंडली में खिंचाव के बाद इस साल फ्रेंचाइजी के लिए एक भी मैच नहीं खेला है. सोशल मीडिया पर धोनी के संन्यास की खबरें तैर रही हैं. इसको लेकर अश्विन ने ट्वीट किया,"आज नहीं हो रहा! 2027 में? शायद. मुझे नहीं लगता कि बैटिंग में कोई बदलाव होगा. अकील हुसैन अंदर? #CSKVSRH." हालांकि अश्विन ने धोनी का नाम नहीं लिया है, लेकिन फैंस को यकीन है कि यह CSK के दिग्गज के बारे में है और इसका मतलब था कि वह इस सीजन में रिटायर नहीं होंगे.
इस बीच, हरभजन सिंह ने चेन्नई सुपर किंग्स के आईपीएल 2026 सीज़न के आखिरी घरेलू मैच से पहले एमएस धोनी से एक भावुक अपील की और उनसे खेलने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि वह एमए चिदंबरम स्टेडियम में अपने करियर का आखिरी मैच खेलकर फैंस से किया अपना वादा पूरा करेंगे. हरभजन ने यह भी कहा कि अगर चेन्नई के पूर्व कप्तान सोमवार को नहीं खेलते हैं तो इसका मतलब यह भी हो सकता है कि वह अपना वादा पूरा करने के लिए 2027 सीज़न में वापस आएंगे.
धोनी ने इस सीज़न में पिंडली की चोट की वजह से एक भी मैच नहीं खेला है. सोमवार को चेन्नई अपने होम ग्राउंड पर सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगी. मैच से पहले बात करते हुए, हरभजन ने धोनी के चेन्नई के साथ पुराने रिश्ते के बारे में बताया और माना कि भारत के पूर्व कप्तान के भविष्य को लेकर जो अनिश्चितता है, उसे देखते हुए यह मौका बहुत अहम लगता है.
हरभजन ने जियोहॉटस्टार पर कहा,"देखिए, उन्होंने पहले कहा था कि वह चेन्नई के खिलाफ अपना आखिरी मैच चेन्नई के मैदान पर खेलना चाहेंगे. और अब वह समय आ गया है — यह चेन्नई में आखिरी मैच है. हो सकता है कि हम सोमवार को थाला को आखिरी बार खेलते हुए देखें, और शायद चेन्नई की यह भीड़ भी उन्हें आखिरी बार खेलते हुए देख रही हो. और अगर वह नहीं खेलते हैं, तो इसका मतलब है कि वह अगले साल फिर आएंगे. फिर वह कहेंगे, 'अगले साल, आप मुझे अपना आखिरी मैच खेलते हुए देखेंगे.' उनके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता, लेकिन उम्मीद है कि वह खेलेंगे."
यह भी पढ़ें: PBKS vs RCB IPL 2026: कप्तान श्रेयस अय्यर ने हासिल किया खास मुकाम, धोनी-रोहित-कोहली के क्लब में ली एंट्री
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं