Who is Hasan Mahmud, BAN vs AUS 1st Test: बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन में गुरुवार से शुरू हुए पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी मात्र 198 रन पर सिमट गई. ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज सिर्फ 53 ओवर तक बांग्लादेशी गेंदबाजों का सामना कर सके. बांग्लादेश के लिए दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने 6 विकेट लिए. टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला लेने वाली ऑस्ट्रेलिया के लिए पारी की शुरुआत करने आए ट्रेविस हेड और जेक वेदराल्ड जल्दी-जल्दी आउट हो गए. वेदराल्ड 23 और ट्रेविस हेड 22 रन बनाकर आउट हो गए. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए मार्नस लाबुशेन मात्र 1 रन बनाकर आउट हो गए. कैमरन ग्रीन 13, एलेक्स कैरी 19, ब्यू वेबस्टर 12 रन बनाकर आउट हुए.
कौन है हसन महमूद?
हसन महमूद पिछले कुछ वर्षों में टीम के सबसे भरोसेमंद पेसरों में गिने जाने लगे हैं. वह दाएं हाथ से मीडियम पेसर गेंदबाजी करते हैं और नई गेंद से स्विंग कराने के लिए जाने जाते हैं. उनका जन्म 12 अक्टूबर 1999 को लक्ष्मीपुर बांग्लादेश में हुआ.
करियर की शुरुआत में धमाल
हसन महमूद बांग्लादेश की अंडर-16 और अंडर-19 फार्मेंट से निकले. साल 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप में उन्होंने 9 विकेट लेकर ध्यान खींचा. इसके बाद घरेलू क्रिकेट और बीपीएल (Bangladesh Premier League) में लगातार अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय टीम तक पहुंचाया. इंटरनेशनल करियर की बात करें तो मार्च 2020 में जिम्बाब्वे के खिलाफ T20I डेब्यू किया और जनवरी 2021 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI डेब्यू किया. इसके बाद मौका आया टेस्ट डेब्यू का जिसके लिए उन्हें 4 साल इंतजार करना पड़ा और मार्च 2024 में श्रीलंका के खिलाफ वो पल भी आया.
क्यों चर्चा में रहते हैं हसन महमूद?
बांग्लादेश टीम लंबे समय तक स्पिन गेंदबाजों पर निर्भर रहा, लेकिन हसन उन युवा तेज गेंदबाजों में हैं जिन्होंने टीम की फास्ट-बॉलिंग में ताकत को बढ़ाया. उनकी गति, सटीक लाइन-लेंथ और नई गेंद से विकेट निकालने की क्षमता की काफी तारीफ होती रही है.
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने टेके घुटने
बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने कंडीशन का पूरा फायदा उठाया और घातक गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को उनके घर में घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. हसन महमूद सबसे सफल गेंदबाज रहे. महमूद ने 17 ओवर में 3 मेडन फेंकते हुए 55 रन देकर 6 विकेट लिए. टेस्ट में यह तीसरा मौका है, जब हसन ने एक पारी में 5 या उससे अधिक विकेट लिए हैं.
तस्कीन अहमद ने 2 और एबादत होसैन ने 2 विकेट लिए.
ऑस्ट्रेलिया के लिए निचले क्रम के बल्लेबाजों से भी उपयोगी पारी नहीं आया. लगातार गिरते विकेटों के बीच पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ ने अर्धशतक लगाया और टीम को 198 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए स्मिथ ने 109 गेंदों पर 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 71 रन की पारी खेली. स्मिथ नौवें विकेट के रूप में आउट हुए. उनके आउट होते ही ऑस्ट्रेलियाई पारी सिमट गई.
बांग्लादेश के गेंदबाजों का प्रदर्शन रहा है. अगर टीम के बल्लेबाज भी क्रीज पर टिकने का दम दिखाते हैं और ऑस्ट्रेलिया पर बढ़त लेने में कामयाब रहते हैं, तो दूसरी पारी में मैच रोमांचक हो सकता है.
(IANS इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं