भारत-बांग्लादेश सीमा पर एक बार फिर सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के राजगंज ब्लॉक के कुकुरजान इलाके में एक भारतीय चाय उत्पादक को करीब 20 लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर अगवा कर लिया. इसके बाद उस शख्स को बांग्लादेश ले जाने का मामला सामने आया है.
परिवार का आरोप है कि सीमा पार तस्करी की गतिविधियों में कथित तौर पर बाधा डालने के चलते बदले की कार्रवाई में दीपांकर घोष का अपहरण किया गया. घटना के बाद सीमावर्ती इलाके में तनाव का माहौल है.
अगवा किए गए चाय उत्पादक की पहचान 35 साल के दीपांकर घोष के तौर पर हुई है. वह चौलहाटी सीमा के पास ताशारपाड़ा के रहने वाले बताए जा रहे हैं. परिवार के मुताबिक, शनिवार सुबह दीपांकर अपने चाय बागान में कीटनाशक का छिड़काव कर रहे थे. इसी दौरान करीब 20 लोग अचानक बागान में घुस आए और उन्हें जबरन बांग्लादेश की ओर ले गए.
बाड़ के उस पार स्थित चाय बागान में अकेले काम कर रहे थे दीपांकर
परिवार के अनुसार, दीपांकर का करीब छह बीघा चाय बागान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी कंटीली तार की बाड़ के आगे स्थित है. वह रोज की तरह शनिवार सुबह अकेले ही बागान में काम करने पहुंचे थे. इसी दौरान कथित तौर पर बांग्लादेश की तरफ से कुछ लोग बागान में घुस आए.
परिवार का कहना है कि जब इन लोगों ने दीपांकर को बांग्लादेश की ओर ले जाने की कोशिश की तो उन्होंने विरोध किया. इसके बाद उनके और कथित किडनैपर के बीच हाथापाई भी हुई. इसी बीच घटना की खबर इलाके में फैल गई और सीमा क्षेत्र में तनाव बढ़ गया.
BSF के पहुंचने से पहले बांग्लादेश की ओर ले जाने का आरोप
घटना की सूचना मिलने के बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान मौके पर पहुंचे. हालांकि, आरोप है कि BSF के हस्तक्षेप से पहले ही दीपांकर को सरहद पार कर बांग्लादेश के पंचगढ़ जिले की ओर ले जाया जा चुका था.
परिवार का दावा है कि दीपांकर फिलहाल बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड (BGB) की हिरासत में हैं. हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है.
कुछ दिन पहले तार काटने की कोशिश का मामला आया था सामने
दीपांकर के परिवार ने इस घटना को कुछ दिन पहले हुई एक कथित सीमा पार तस्करी की कोशिश से जोड़कर देखा है. परिवार के मुताबिक, कुछ दिन पहले एक बांग्लादेशी नागरिक ने कथित तौर पर तस्करी के मकसद से सीमा पर लगी कंटीली तार काटने की कोशिश की थी.
परिवार का आरोप है कि BSF ने उस व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया था और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. परिवार को आशंका है कि इसी घटना से जुड़े लोगों ने बदले की कार्रवाई करते हुए दीपांकर को अगवा किया है.
हालांकि, यह परिवार का आरोप है और घटना के पीछे की पूरी वजह तथा इसमें शामिल लोगों की भूमिका की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
दीपांकर का वीडियो सामने आने का दावा
घटना के बाद दीपांकर घोष का एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है. वीडियो में कथित तौर पर दीपांकर यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि किसी बांग्लादेशी नागरिक को रिहा किए जाने पर उन्हें भी छोड़ दिया जाएगा.
हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. वीडियो कब और कहां बनाया गया, इसकी भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
BSF-BGB के बीच मीटिंग
दीपांकर को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए BSF ने कार्रवाई शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक, इस मामले में BSF और BGB के अधिकारियों के बीच फ्लैग मीटिंग भी हुई है. हालांकि, शनिवार देर रात तक दीपांकर की भारत वापसी नहीं हो सकी थी.
सूत्रों के मुताबिक, दीपांकर फिलहाल BGB की हिरासत में बताए जा रहे हैं. BSF की ओर से कथित तौर पर BGB से भारतीय नागरिक को तत्काल और सुरक्षित भारत लौटाने का आग्रह किया गया है.
यह भी पढ़ें: सचमुच इमरान खान की मौत हो गई ? सेना ने कहा- ‘सब बकवास', PTI ने दिया CCTV का हवाला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं