Navjot Singh Sidhu shares an inspiring story about Sachin Tendulkar: भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने वाली है. सीरीज का पहला मैच 15 अगस्त से खेला जाएगा. सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 23 से 27 अगस्त से बीच खेला जाएगा. भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का इतिहास काफी दिलचस्प रहा है. बता दें कि भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर ने बनाए हैं. तेंदुलकर ने श्रीलंका के खिलाफ 25 टेस्ट मैच खेले जिसमें 1995 रन बनाने में सफल रहे. सचिन ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में 9 शतक और 6 अर्धशतक जमाए हैं. बता दें कि एक ओर जहां सचिन श्रीलंका के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी से करिश्मा करने में सफल रहे हैं लेकिन श्रीलंका का एक ऐसे बल्लेबाज भी था जिसकी गेंदों ने 'क्रिकेट के भगवान' की नींद उड़ा दी थी. वह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि सनथ जयसूर्या थे.

भारत के पूर्व ओपनर बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू ने मिडविकेट स्टोरीज के यू-ट्यूब पर एक घटना का जिक्र किया और बताया कि कैसे दुनिया के महान बल्लेबाज को सनथ जयसूर्या ने अपनी गेंदबाजी से परेशान कर दिया था.
नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, "सनथ वो खिलाड़ी हैं जिन्होंने एक टेस्ट मैच में सचिन रमेश तेंदुलकर को बांधकर रख दिया था, मोहाली में मैं लगभग 100 रन पर बैटिंग कर रहा था, वे मैच हारने की कगार पर थे, तभी सनथ बॉलिंग करने आए. उन्होंने 'ओवर द विकेट' बॉलिंग शुरू की और सचिन तेंदुलकर के पैरों के बाहर गेंदें डालीं..हम बाद में इस बारे में बात भी कर रहे थे. उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि सचिन 'स्वीप' शॉट नहीं खेलते थे".

पूर्व ओपनर बल्लेबाज ने आगे इस घटना के बारे में कहा, "तो, चार मेडन ओवर निकले... तेंदुलकर बैटिंग कर रहे थे और हम तेजी से रन बनाकर मैच जीतने की कोशिश कर रहे थे, तेंदुलकर हैरान थे कि जयसूर्या के खिलाफ लगातार 4 मेडन ओवर हो गए. मैं दूसरे छोर पर चौके लगा रहा था और तेंदुलकर अपना खाता भी नहीं खोल पा रहे थे. झुंझलाकर तेंदुलकर 'ऑन-साइड' की तरफ बढ़े और 'लॉन्ग-ऑन' के ऊपर से शॉट मारने की कोशिश की, लेकिन 'टॉप-एज' लगकर आउट हो गए".
इसके बाद अगले मैच में, तेंदुलकर ने 140 रन बनाए, जिसमें से 90 रन स्वीप शॉट से बनाए, जो टेक्निक कभी नामुमकिन लगती थी, वही उनका हथियार बन गई थी. फिर इसके बाद आखिर में तेंदुलकर ने इस डर पर विजय हासिल कर ली थी.
सिद्धू का पॉइंट साफ था, “नाकामी को बहाने के तौर पर इस्तेमाल करने के बजाय, तेंदुलकर ने इसे आगे बढ़ने के मौके में बदल दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं