विज्ञापन

'20 विकेट लेने वाली टीम ही नहीं चुनी,' वेंकटेश प्रसाद ने टीम इंडिया की रणनीति पर उठाए सवाल

वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने के बाद पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने भारतीय टीम की रणनीति और चयन पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भारत ने 20 विकेट लेने वाली टीम नहीं चुनी और WTC फाइनल की राह मुश्किल हो गई है.

'20 विकेट लेने वाली टीम ही नहीं चुनी,' वेंकटेश प्रसाद ने टीम इंडिया की रणनीति पर उठाए सवाल
Venkatesh Prasad, Shubman Gill
NDTV

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने टीम चयन और रणनीति पर कड़ी नाराजगी जताई है. प्रसाद का मानना है कि भारत के पास मैच जीतने का बेहतरीन मौका था, लेकिन टीम मैनेजमेंट की रक्षात्मक सोच और संतुलित गेंदबाजी अटैक की कमी के कारण यह अवसर हाथ से निकल गया. उन्होंने कहा कि इस नतीजे ने भारत की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को भी झटका पहुंचाया है.

वेंकटेश प्रसाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'श्रीलंका में दूसरा टेस्ट मैच नहीं जीत पाने के बाद आज फिर भारत की जीत हासिल करने में नाकामी से निराश हूं. मेरी नजर में यह अनुचित और बेहद रक्षात्मक रणनीति है.

इसकी वजह से भारत एक बार फिर WTC फाइनल के लिए क्वालीफाई करने का मौका गंवाने की कगार पर है. इसकी वजह खिलाड़ियों की प्रतिभा की कमी नहीं, बल्कि 20 विकेट लेने में सक्षम टीम का चयन नहीं करना है.' प्रसाद ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी समस्या विपक्षी टीम के सभी 20 विकेट नहीं निकाल पाना रही, जिसका नुकसान पहले श्रीलंका दौरे पर भी देखने को मिला था.

जीत के करीब पहुंचकर भी चूक गया भारत

भारत ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 720 रन बनाकर घोषित की थी और मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया था. चौथे दिन न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में 119 रन पर दो विकेट गिरने के बाद भारत मजबूत स्थिति में नजर आ रहा था.

हालांकि अंतिम दिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने शानदार धैर्य दिखाया और 120 ओवर बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 239 रन बनाकर मैच ड्रॉ करा दिया. भारत को आखिरी सत्र में जीत के लिए पांच विकेट चाहिए थे, लेकिन टीम एक भी विकेट हासिल नहीं कर सकी.

टीम चयन पर भी उठे सवाल

वेलिंगटन टेस्ट के लिए भारत ने जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज के रूप में चार विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों को फाइनल प्लेइंग में जगह दी थी. वहीं अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखा गया था. मैच ड्रॉ होने के बाद इस चयन को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं.

मिचेल और फिलिप्स ने बचाया न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने 186 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने 126 गेंदों पर नाबाद 26 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों ने दबाव झेलते हुए अहम साझेदारी की और भारत को जीत से दूर रखा.

इससे पहले न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 70 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद शानदार वापसी की थी. हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने छठे विकेट के लिए 216 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था. न्यूजीलैंड की पहली पारी 368 रन पर समाप्त हुई थी. अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा.

यह भी पढ़ें-  'मेरी चुप्पी को कमजोरी न समझें,' पृथ्वी शॉ ने बिना नाम लिए योगराज सिंह को दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, New Zealand, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com