पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने अयोध्या का दौरा किया, अयोध्या में राम मंदीर में जाकर राम लला के दर्शन किए तो वहीं, उन्होंने श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की,आशीर्वाद लेने के बाद, 47 वर्षीय सहवाग ने कहा कि अयोध्या के हनुमान मंदिर के दर्शन का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. वीरेंद्र सहवाग ने फेसबुक पर पोस्ट शेयर किया और लिखा, "एक ही नारा, एक ही नाम,जय श्री राम, जय श्री राम, कुछ सफर मीलों में नहीं, बल्कि आपके अंदर जो जगाते हैं, उससे नापे जाते हैं."
अपनी यात्रा के दौरान, भारत के पूर्व ओपनर ने सबसे पहले भव्य राम मंदिर में राम लला का आशीर्वाद लिया. उन्होंने मंदिर परिसर में समय बिताया और भगवान राम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए प्रार्थना में भाग लिया. बाद में सहवाग ने अयोध्या के सबसे प्रमुख मंदिरों में से एक, भगवान हनुमान को समर्पित हनुमानगढ़ी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की.
अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान मंदिर प्रशासन और स्थानीय श्रद्धालुओं ने पूर्व क्रिकेटर का स्वागत किया.सहवाग की इस अयोध्या यात्रा की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं, जिनमें फैंस ने इस दिग्गज बल्लेबाज की आस्था और भक्ति की सराहना कर रहे हैं.
राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के बाद अयोध्या एक प्रमुख आध्यात्मिक स्थल बन गया है और लगातार देश भर से मशहूर हस्तियों, खिलाड़ियों और श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है. सहवाग की यात्रा उन प्रमुख हस्तियों की बढ़ती सूची में एक और नाम है जिन्होंने इस पवित्र स्थल पर आशीर्वाद लिया है.
अपने खेल के दिनों में निडर बल्लेबाजी के लिए मशहूर सहवाग भारत के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में से एक रहे हैं . सहवाग इस समय कमेंटेटर के तौर पर मैच के दौरान नजर आते हैं.
ये भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया को हराकर बांग्लादेश ने रचा इतिहास, WTC प्वाइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर, भारत को पीछे छोड़ा
ये भी पढ़ें- अजीत अगरकर के बाद यह भारतीय दिग्गज बनेगा चीफ सेलेक्टर? रिपोर्ट में हुआ बड़ा दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं