रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 'आईपीएल- 2026' के खिताब को अपने नाम किया. रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराया. विराट कोहली खिताबी मुकाबले में आरसीबी की जीत के नायक रहे. आरसीबी के सफलतापूर्वक खिताब का बचाव करने के बाद कोहली ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखा, जो देखते ही देखते वायरल हो गया.
विराट कोहली ने सोशल मीडिया प्लेफॉर्म 'एक्स' पर लिखा,"हमने पिछले साल खुद से एक सवाल पूछा था कि क्या हम लगातार दो बार खिताब जीत सकते हैं? और हमने दोबारा कर दिखाया."
We asked ourselves a question last year- can we go back to back?
— Virat Kohli (@imVkohli) June 1, 2026
Here we are again 🏆🏆❤️❤️ @RCBTweets pic.twitter.com/o2eWnJU6NJ
खिताबी मुकाबले में कोहली का बल्ला खूब गरजा. विराट ने वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर आरसीबी को गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार शुरुआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 27 गेंदों में 62 रन जोड़े. कोहली बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक लगाया. विराट ने अपने पचास रन महज 25 गेंदों में पूरे किए.
कोहली ने 42 गेंदों का सामना करते हुए 178 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 75 रन बनाए. अपनी इस पारी में विराट ने 9 चौके और 3 छक्के लगाए. वहीं, टिम डेविड ने 17 गेंदों में 24 रनों का योगदान दिया. इससे पहले, आरसीबी के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 155 रनों के स्कोर पर रोका. गुजरात की तरफ से सिर्फ वॉशिंगटन सुंदर ही कुछ हद तक लय में नजर आए और उन्होंने 37 गेंदों का सामना करते हुए 50 रनों की शानदार पारी खेली.
आरसीबी की ओर से रसिख सलाम ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 27 रन खर्च करते हुए 3 बड़े विकेट चटकाए, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 29 रन देकर 2 विकेट निकाले. जोश हेजलवुड भी 2 विकेट चटकाने में सफल रहे.
आरसीबी खिताब का बचाव करने वाली आईपीएल इतिहास की महज तीसरी टीम बन गई है. आरसीबी से पहले यह उपलब्धि चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ने हासिल की है. कोहली आईपीएल 2026 में आरसीबी की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उन्होंने 16 मुकाबलों में 165 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 675 रन बनाए.
यह भी पढ़ें: जो कोहली को 9 साल में एक बार भी नसीब नहीं हुआ, वह पाटीदार ने दो ही साल में कर डाला, स्पेशल क्लब में शामिल
यह भी पढ़ें: मैच फीस से लेकर अवॉर्ड्स तक...वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 से करोड़ों में की कमाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं