Virat Kohli With LSG Owner Sanjiv Goenka: आरसीबी ने लखनऊ को 5 विकेट से हराकर आईपीएल 2026 में अपनी चौथी जीत हासिल की, आरसीबी की ओर से विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की और 49 रन बनाए. आरसीबी की जीत में जोश हेजलवुड को प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया. बता दें कि भले ही आरसीबी को जीत मिली लेकिन लखनऊ सुपरजायंट्स के मालिक संजीव गोयनका खुद को मैदान पर जाने से रोक नहीं पाए. संजीव गोयनका हार के बाद भी मैदान पर गए और विराट कोहली से मिले और उनको गले से लगाया. संजीव गोयनका का यह जेस्चर फैन्स को खूब पसंद आ रहा है. संजीव गोयनका, कोहली से मिलकर काफी खुश नजर आए. इस बार हार के बाद संजीव गोयनका का अंदाज अलग था.
मैच की बात करें तो बुधवार को खेले गए सीजन के 23वें मुकाबले में आरसीबी ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के विरुद्ध 5 विकेट से जीत दर्ज की. आरसीबी 5 में से 4 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में 'नंबर-1' बन गई है। वहीं, एलएसजी 5 में से 3 मुकाबले गंवाकर सातवें स्थान पर मौजूद है.
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी 146 रन पर सिमट गई, जिसके बाद आरसीबी ने 5 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया. आरसीबी ने महज 15.1 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस टीम ने 1.4 ओवर में महज 9 के स्कोर पर फिलिप सॉल्ट (7) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद विराट कोहली ने देवदत्त पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 57 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला.
पड्डिकल 11 गेंदों में 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद कोहली ने पारी को आगे बढ़ाया। कोहली ने 34 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 49 रन की पारी खेली। आरसीबी की तरफ से कप्तान रजत पाटीदार ने 13 गेंदों में 27 रन जुटाए, जबकि जितेश शर्मा ने 9 गेंदों में 2 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 23 रन बनाए.
इस टीम ने 122 के स्कोर पर अपना पांचवां विकेट खो दिया था. यहां से टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड ने 14-14 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई। विपक्षी खेमे से प्रिंस यादव ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि अवेश खान ने 2 विकेट निकाले.
ये भी पढ़ें- Video: विराट कोहली 49 रन पर हुए आउट, अनुष्का शर्मा ने पकड़ लिया माथा, रिएक्शन ने लूटी महफिल
ये भी पढ़ें- Virat Kohli: विराट कोहली का IPL में तहलका, ऐसा महारिकॉर्ड बनाकर रचा इतिहास, भारत के पहले बल्लेबाज बने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं