Oil Prices Today: भारत समेत पूरी दुनिया की नजर इस समय ऑयल मार्केट पर टिकी हुई है. अमेरिका और ईरान के बीच शांति प्रस्ताव पर सहमति नहीं बनने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जारी तनाव ने ग्लोबल सप्लाई चेन पर बड़ा असर डाला है और अब लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम (Petrol Diesel Rate Today) भी बढ़ने वाले हैं? इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील की है.
US-Iran बातचीत फेल, ऑयल मार्केट में मची हलचल
सोमवार को ऑयल प्राइस तेज उछाल के साथ खुले. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की तरफ से भेजे गए शांति प्रस्ताव के जवाब को “Totally Unacceptable” बताया, जिसके बाद बाजार में तनाव और बढ़ गया. निवेशकों को उम्मीद थी कि दोनों देशों के बीच कोई समझौता हो सकता है, लेकिन बातचीत टूटने से कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर चिंता और गहरी हो गई.
Brent Crude और WTI में तेज उछाल
इस तनाव बढ़ने के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 3.5% तक चढ़कर 104.80 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई. वहीं वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट यानी WTI भी 99 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया. फरवरी के आखिर से शुरू हुए इस संघर्ष के बाद से ऑयल मार्केट में लगातार जियोपॉलिटिकल रिस्क प्रीमियम बना हुआ है.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बना सबसे बड़ा संकट
इस पूरे संकट का सबसे बड़ा केंद्र स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बना हुआ है. दुनिया के बड़े हिस्से का कच्चा तेल, एलएनजी और रिफाइंड फ्यूल इसी समुद्री रास्ते से गुजरता है. युद्ध शुरू होने के बाद यहां शिपिंग सामान्य स्तर के मुकाबले बहुत कम रह गई है. सप्लाई बाधित होने से दुनियाभर में महंगाई बढ़ने का डर फिर तेज हो गया है.
क्या आज बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम?
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत में भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर नजर बनी हुई है. देश में रोज सुबह 6 बजे फ्यूल प्राइस अपडेट होते हैं. फिलहाल दिल्ली में पेट्रोल की कीमत करीब 94-95 रुपये प्रति लीटर और मुंबई में करीब 103 रुपये प्रति लीटर बनी हुई है. हालांकि ग्लोबल क्रूड ऑयल में तेजी और सप्लाई संकट के कारण आने वाले दिनों में दबाव बढ़ सकता है.
11 मई 2026 को अलग-अलग शहरों में पेट्रोल और डीजल के लेटेस्ट रेट्स
- दिल्ली में आज पेट्रोल ₹94.77 प्रति लीटर और डीजल ₹87.67 प्रति लीटर पर मिल रहा है.
- नोएडा में आज पेट्रोल की कीमत ₹95.05 प्रति लीटर है, वहीं डीजल ₹88.19 प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है.
- गुरुग्राम में आज पेट्रोल ₹95.30 प्रति लीटर और डीजल ₹87.77 प्रति लीटर की दर से मिल रहा है.
- मुंबई में आज पेट्रोल का दाम ₹103.50 प्रति लीटर है और डीजल ₹90.03 प्रति लीटर पर स्थिर है.
- चेन्नई में आज पेट्रोल ₹100.95 प्रति लीटर और डीजल ₹92.49 प्रति लीटर की कीमत पर उपलब्ध है.
- कोलकाता में आज पेट्रोल का भाव ₹105.45 प्रति लीटर है, जबकि डीजल ₹92.02 प्रति लीटर पर मिल रहा है.
- बेंगलुरु में आज पेट्रोल ₹102.92 प्रति लीटर और डीजल ₹90.99 प्रति लीटर के रेट पर बिक रहा है.
पीएम मोदी ने लोगों से की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लोगों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की. तेलंगाना में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो सुविधा है वहां लोग ज्यादा से ज्यादा मेट्रो का इस्तेमाल करें. अगर कार का इस्तेमाल जरूरी हो तो कार पूलिंग अपनाएं. उन्होंने कहा कि भारत को फॉरेन एक्सचेंज बचाने पर भी जोर देना होगा क्योंकि दुनिया में पेट्रोल और डीजल काफी महंगे हो चुके हैं.
तेल कंपनियों को रोजाना 1000 करोड़ रुपये तक का नुकसान
भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है जिन्होंने अभी तक घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमतें नहीं बढ़ाई हैं और न ही सप्लाई पर कोई बड़ी पाबंदी लगाई है. हालांकि सरकार ने LPG यानी रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी की है. पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियां महंगा क्रूड खरीद रही हैं लेकिन उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए कम कीमत पर फ्यूल बेच रही हैं.
हरदीप सिंह पुरी के मुताबिक ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) को रोजाना करीब 1,000 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो रहा है. वहीं पेट्रोल और डीजल पर टैक्स घटाने के कारण सरकार को एक महीने में लगभग 14,000 करोड़ रुपये के रेवेन्यू लॉस का सामना करना पड़ा है.पेट्रोलियम मंत्री ने लोगों से पीएम मोदी की अपील को “एनर्जी सेविंग मूवमेंट” बनाने की बात कही ताकि देश ईंधन और विदेशी मुद्रा दोनों बचा सके.
ये भी पढ़ें- बिहार में धड़ाधड़ उड़ेंगे प्लेन, रक्सौल से सोनपुर तक एयरपोर्ट का मेगा प्लान तैयार, इन जिलों के लिए गुड न्यूज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं