विराट कोहली को दुनिया उनके रिकॉर्ड, शतकों और आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जानती है, लेकिन पिछले कुछ सालों में उन्होंने क्रिकेट के मैदान के बाहर खुद को एक सफल बिजनेसमैन के रूप में भी स्थापित किया है. कोहली ने फिटनेस, फैशन, स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल जैसे कई क्षेत्रों में निवेश किया है. कोहली इसके अलावा स्पोर्ट्सवियर ब्रांड 'एगिलिटास' में इन्वेस्टर हैं और 'one8world' के को-फाउंडर भी हैं. और हाल ही में उन्होंने नई दिल्ली में एक शानदार और सितारों से भरे इवेंट में 'एगिलिटास' ब्रांड को लॉन्च किया था. यह एक अनोखा कॉम्बिनेशन है - एक ऐसा वर्ल्ड-फेमस खिलाड़ी जिसके पास एक एंटरप्रेन्योर जैसी सोच और हिम्मत है.
कोहली ने एक कदम और आगे बढ़ाया है. 37 साल की उम्र में विराट कोहली ने प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म LinkedIn पर अपना डेब्यू किया है और अपनी पहली ही पोस्ट में उन्होंने अपने विजन और उस ब्रांड के बारे में और जानकारी दी है जिसमें उन्होंने निवेश किया है. उन्होंने लिखा कि समय के साथ लक्ष्य बदल सकते हैं, लेकिन उनका विजन आज भी उतना ही स्पष्ट है जितना पहले था.
विराट कोहली ने अपनी पहली लिंकडिन पोस्ट में लिखा,"मैं हमेशा से एक ऐसा भारत देखना चाहता था जहां हर खेल को पसंद किया जाए, उसका जश्न मनाया जाए और उसे खेला जाए. आज, वह सपना पहले से कहीं ज्यादा सच होता दिख रहा है. नई पीढ़ी यह साबित कर रही है कि भारत वर्ल्ड-क्लास एथलीट तैयार कर सकता है और ग्लोबल लेवल पर ब्रांड बना सकता है. हमारा मकसद भारत से एक ऐसा स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म बनाना है जो मैन्युफैक्चरिंग, कंज्यूमर ब्रांड और स्पोर्ट्स डिस्ट्रीब्यूशन, सभी को कवर करे. मेरा मानना है कि भारत ग्लोबल स्पोर्ट्स के भविष्य को आकार देने में मदद कर सकता है, न कि सिर्फ़ उसमें हिस्सा ले सकता है."
कोहली ने आगे लिखा,"इसीलिए मैं एक इन्वेस्टर के तौर पर Agilitas से और one8world के को-फ़ाउंडर और को-क्रिएटर के तौर पर जुड़ा हूं. one8 उस सोच पर बना है जिसे मैंने अपने पूरे करियर में अपनाया है: तरक्की तब होती है जब आप सीमाओं को पार करते हैं, स्टैंडर्ड्स को ऊंचा उठाते हैं और कुछ अलग करने की हिम्मत दिखाते हैं."
पूर्व भारतीय कप्तान ने अपने ब्रांड को लेकर अपना मकसद बताते हुए लिखा,"इसी तरह हमने इस ब्रांड को दुनिया के सामने पेश किया, और अपने शहर में हज़ारों लोगों के सामने one8world को हकीकत बनते देखना मेरी ज़िंदगी के सबसे यादगार पलों में से एक था. मकसद साफ़ है. अब कुछ ऐसा बनाने का समय आ गया है जो हमारे बाद भी कायम रहे. हम इसी सफ़र पर निकले हैं."
नई ऊंचाइयां छूने की अपनी चाहत में, विराट कोहली ने एक ऐसा फैसला ठुकरा दिया जिसे ज्यादातर खिलाड़ी आसान मानते-प्यूमा के साथ आठ साल के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने का ऑफ़र. इसके बजाय, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ने एक ज़्यादा जोखिम भरा रास्ता चुना: उन्होंने 'एगिलिटास स्पोर्ट्स' (Agilitas Sports) में अपनी जेब से 40 करोड़ रुपये लगाए और अपने 'one8' ब्रांड को एक ऐसे बिजनेस में शामिल किया जिसमें उनकी हिस्सेदारी है.
'एगिलिटास' की शुरुआत 2023 में प्यूमा इंडिया और साउथ-ईस्ट एशिया के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर अभिषेक गांगुली ने अतुल बजाज और अमित प्रभु के साथ मिलकर की थी. यह कंपनी एक 'वर्टिकली इंटीग्रेटेड' मॉडल पर काम कर रही है, जिसमें प्रोडक्ट डिज़ाइन, मैन्युफैक्चरिंग और रिटेल—तीनों चीज़ें शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: कौन लेगा धोनी के आईपीएल भविष्य को लेकर फैसला? सीएसके सीईओ काशी विश्वनाथन ने खोल दिया सबसे बड़ा राज
यह भी पढ़ें: पूर्व दिग्गज का बड़ा दावा, बोले- 'इस खिलाड़ी ने वॉशिंगटन सुंदर की प्लेइंग XI से छुट्टी कर दी'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं