विज्ञापन

रामायण में सनी देओल की पहली झलक ने मचाया धमाल, एंट्री सीन पर राम-रावण को छोड़ हनुमान के लिए दर्शकों ने बजाई सबसे तेज तालियां

रामायण के पोस्ट-क्रेडिट सीन में सनी देओल की हनुमान अवतार की पहली झलक ने फैंस को उत्साहित कर दिया है. बिना चेहरा दिखाए उनकी दमदार एंट्री ने थिएटर में खूब तालियां बटोरीं और सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त चर्चा छेड़ दी.

रामायण में सनी देओल की पहली झलक ने मचाया धमाल, एंट्री सीन पर राम-रावण को छोड़ हनुमान के लिए दर्शकों ने बजाई सबसे तेज तालियां
रामायण में सनी देओल की एंट्री पर गूंजी सबसे तेज तालियां

नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण' रिलीज होते ही चर्चा में आ गई है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं. वहीं, सनी देओल के भगवान हनुमान बनने की खबर पहले से ही सुर्खियों में थी. अब फिल्म के पोस्ट क्रेडिट सीन में सनी देओल की पहली झलक भी दिखा दी गई है. हालांकि, इस सीन में उनका चेहरा नहीं दिखाया गया, लेकिन उनकी दमदार एंट्री ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है. सोशल मीडिया पर इस सीन के वीडियो और तस्वीरों की चर्चा हो रही है. कई दर्शकों का कहना है कि सनी की एंट्री पर फिल्म में सबसे ज्यादा तालियां बजीं.

पोस्ट क्रेडिट सीन में दिखी हनुमान की झलक

फिल्म के पोस्ट क्रेडिट सीन में जंगल का माहौल दिखाया गया है. इस दौरान जंगली जानवर इधर-उधर भागते नजर आते हैं. तभी आसमान में भगवान हनुमान की झलक दिखाई देती है. सीन में सनी देओल का चेहरा नहीं दिखाया गया है, लेकिन उनकी मौजूदगी का एहसास जरूर कराया गया है. बैकग्राउंड में ‘जय श्री राम' का जयकारा सुनाई देता है. इस छोटे से सीन ने दर्शकों के बीच फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है. फैंस अब सनी देओल को पूरे हनुमान अवतार में देखने का इंतजार कर रहे हैं.

पांच बड़े सिंगर्स ने मिलकर गाया हनुमान चालीसा

सनी देओल की एंट्री को खास बनाने के लिए मेकर्स ने संगीत का भी शानदार इंतजाम किया है. इस सीन में हनुमान चालीसा को पांच मशहूर गायकों ने मिलकर आवाज दी है. इनमें कैलाश खेर, शंकर महादेवन, दिलजीत दोसांझ, सुखविंदर सिंह और मोहित चौहान शामिल हैं. इन सभी गायकों की आवाज में हनुमान चालीसा सुनाई देती है. भक्ति और संगीत के इस मेल ने सीन को और प्रभावशाली बना दिया है. माना जा रहा है कि सनी देओल के किरदार को फिल्म के दूसरे पार्ट में काफी अहम जगह मिलने वाली है.

सोशल मीडिया पर फैंस दे रहे जबरदस्त रिएक्शन

सनी देओल की पहली झलक सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनकी चर्चा शुरू हो गई. एक यूजर ने लिखा कि सनी देओल की एंट्री, ‘जय श्री राम' का जयकारा और पीछे बजती हनुमान चालीसा ने रोंगटे खड़े कर दिए. वहीं, दूसरे यूजर ने इसे बड़ा सरप्राइज बताया और कहा कि सनी देओल अपनी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस से इस किरदार के लिए बिल्कुल सही लग रहे हैं.

ये भी पढ़ें: Bhojpuri Dhanteras Song: मुनमुन बिहारी के नए गाने की धूम, चार चक्का गाड़ी लाएंगे धनतेरस मनाएंगे

एक अन्य फैन ने दावा किया कि सनी की एंट्री पर रणबीर कपूर और यश से भी ज्यादा तालियां बजीं. बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण' को करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट वाली महत्वाकांक्षी फिल्म बताया जा रहा है. फिल्म में साई पल्लवी, रवि दुबे, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. वहीं, फिल्म के दूसरे पार्ट में सनी देओल का हनुमान अवतार देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sunny Deol, Ramayana, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com