- बांग्लादेश के कुमिला जिले में एक तालाब से 26 वर्षीय भारतीय छात्र अदनान अल्ताफ का शव मिला है
- अदनान अल्ताफ दो दिन पहले अपने मेडिकल कॉलेज परिसर से लापता हुआ था और मानसिक समस्याओं से ग्रसित था
- वह ईस्टर्न मेडिकल कॉलेज का छात्र था और 4 नवंबर को अपनी एमबीबीएस माइक्रोबायोलॉजी परीक्षा में शामिल होने वाला था
बांग्लादेश के कुमिला जिले के बुरिचंग उपजिला में आज सुबह एक तालाब से भारतीय छात्र का शव मिला है. वह दो दिन पहले अपने कॉलेज परिसर से लापता हो गया था. परिवार के अनुसार, अदनान अल्ताफ कैंपस से एक भारतीय रेस्तरां में खाना खाने के लिए निकला था, जिसके कुछ देर बाद ही वह लापता हो गया.
26 वर्षीय अदनान अल्ताफ भारत के जम्मू-कश्मीर राज्य का रहने वाला था. वह बुरिचंग स्थित ईस्टर्न मेडिकल कॉलेज के 14वें बैच (2017-18 सत्र) का छात्र था और सोमवार से लापता बताया जा रहा था. मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार, अदनान को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं, इसलिए उसकी मां भी उसके साथ रह रही थी.
बांग्लादेश के प्रमुख अंग्रेजी समाचार पत्र 'द डेली स्टार' के अनुसार, कश्मीरी छात्र को 4 नवंबर से पुराने पाठ्यक्रम के तहत अपनी दूसरी प्रोफेशनल एमबीबीएस माइक्रोबायोलॉजी परीक्षा में शामिल होना था. भारत में मौजूद उसके परिवार के सदस्यों ने बताया कि अदनान कुछ समय के लिए कश्मीर अपने घर आया था और लगभग 15 दिन पहले ही वापस बांग्लादेश लौटा था. छुट्टी के बाद जब वह कॉलेज लौटा, तो उसकी मां भी उसके साथ बांग्लादेश गई थीं.
अदनान अल्ताफ उत्तरी कश्मीर के सोपोर का रहने वाला था. बुधवार को बांग्लादेश में उसका शव मिला. उसके परिवार ने भारत सरकार से अपील की है कि वे जल्द से जल्द हस्तक्षेप करें ताकि उसके शव को वापस घर लाया जा सके. अदनान अल्ताफ के परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद उसकी मां को बांग्लादेश में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बेटे को खोने के गम में उनकी हालत स्थिर नहीं है.
4 नवंबर की सुबह, कुमिला जिले के बुरिचंग उपजिला में स्थित मोनीपुर गांव के एक जलाशय से अदनान अल्ताफ का शव मिला. यह जगह उसके कॉलेज के पास है, जो ढाका-चट्टोग्राम राजमार्ग के निकट स्थित है. शव को पोस्टमार्टम के लिए कुमिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है.
यह भी पढ़ें | 9 लाख पाउंड कमाई में परिवार को मिल रही 1 वक्त रोटी, आपसी झगड़े में बदहाल देश की कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं