विज्ञापन

UPSC मेंस र‍िजल्‍ट देख भावुक हुईं Venu Sawtani, 10 साल से कर रही थी तैयारी, बोलीं-बहुत कुछ लगा था दांव पर

UPSC CSE Mains 2026 का रिजल्ट आने के बाद Venu Sawtani ने इंस्टाग्राम वीडियो में अपनी खुशी और भावनाएं साझा कीं. 10 साल की तैयारी, सोशल मीडिया पर बढ़े दबाव और रिजल्ट से पहले की घबराहट का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि आखिरकार उनका मेंस परीक्षा में चयन हो गया.

UPSC मेंस र‍िजल्‍ट देख भावुक हुईं Venu Sawtani, 10 साल से कर रही थी तैयारी, बोलीं-बहुत कुछ लगा था दांव पर
‘इस बार मेंस हो ही जाएगा’ कहकर हुई थीं वायरल, अब Venu Sawtani ने शेयर की खुशखबरी
  • संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 का परिणाम पांच नवंबर को घोषित किया है
  • अभ्यर्थी वेणु सावतानी ने दस वर्षों के संघर्ष के बाद UPSC CSE Mains 2026 में चयन की खुशी जताई है
  • कुल तेरह हजार तीन सौ तैंतालीस उम्मीदवार मुख्य परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से दो हजार पांच सौ छब्बीस सफल हुए

नई दिल्ली. संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 का परिणाम 5 नवंबर को घोषित कर दिया है. इसी बीच सोशल मीडिया पर चर्चित अभ्यर्थी वेणु सावतानी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर बताया कि उनका UPSC CSE Mains 2026 में चयन हो गया है. रिजल्ट आने के बाद उन्होंने अपने लंबे संघर्ष, दबाव और खुशी को खुलकर शेयर किया है. वीडियो में Venu Sawtani ने कहा कि UPSC की तैयारी करने वाला हर अभ्यर्थी रिजल्ट से पहले डर, चिंता और घबराहट महसूस करता है. उनके मुताबिक, उन्हें सुबह से ही लग रहा था कि आयोग का रिजल्ट चौंकाने वाला हो सकता है. उन्होंने बताया कि यह पल उनके लिए खास इसलिए भी था क्योंकि वह पिछले करीब 10 वर्षों से UPSC की तैयारी कर रही हैं.

पांच प्रयास, उतार-चढ़ाव और लंबा इंतजार

Venu Sawtani ने बताया कि शुरुआती वर्षों में उन्होंने कई प्रयास दिए. पहले तीन प्रयासों में प्रीलिम्स परीक्षा पास हुई, लेकिन बाद के दो प्रयासों में प्रीलिम्स ही नहीं निकल सका. इसके बाद लंबे इंतजार के बाद उन्हें फिर मुख्य परीक्षा लिखने का मौका मिला. उन्होंने कहा कि इस साल मुख्य परीक्षा के बाद मीडिया से बातचीत के उनके कुछ वीडियो वायरल हो गए थे. परीक्षा केंद्र के बाहर उन्होंने उत्साह में कहा था कि "इस बार मेंस हो ही जाएगा." इसके बाद उनके छात्रों, परिचितों और सोशल मीडिया फॉलोअर्स को भी पता चल गया था कि उन्होंने इस वर्ष मुख्य परीक्षा दी है. 

वायरल वीडियो के बाद बढ़ गया था दबाव

Venu Sawtani के अनुसार, लोगों की शुभकामनाओं और उम्मीदों ने उनके ऊपर मानसिक दबाव बढ़ा दिया था. उन्हें लगातार संदेश मिल रहे थे कि इस बार सफलता जरूर मिलेगी. ऐसे माहौल में रिजल्ट का इंतजार और भी चुनौतीपूर्ण हो गया था. हालांकि परिणाम आने के बाद उन्होंने राहत और खुशी जाहिर करते हुए कहा कि "आखिर फाइनली मेरा मेंस निकल गया." उन्होंने अपने परिवार, छात्रों और शुभचिंतकों का धन्यवाद भी किया. उनके मुताबिक, परिवार ने हमेशा उनका साथ दिया और कभी किसी तरह का अतिरिक्त दबाव नहीं बनाया. 

कैप्शन में लिखी दिल की बात

वीडियो के साथ साझा किए गए कैप्शन में Venu Sawtani ने बताया कि लोग लगातार उनसे पूछ रहे थे कि क्या उन्होंने UPSC CSE Mains 2026 पास कर लिया है. उन्होंने लिखा कि इस प्रयास में उनके लिए बहुत कुछ दांव पर लगा था और सोशल मीडिया पर भी सभी को पता था कि वह इस वर्ष परीक्षा में शामिल हुई हैं. उन्होंने अपने सफर को "उतार-चढ़ाव भरा" बताते हुए कहा कि वह इस समय बेहद उत्साहित हैं. साथ ही उन्होंने सभी समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया. 

upsc cse mains 2026 result venu sawtani cleared after 10 years preparation

venu sawtani instagram

इंटरव्यू के लिए सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी, 2,526 का चयन

मेंस में सफल अभ्यर्थियों को अब इंटरव्यू के लिए चयनित किया गया है. आयोग द्वारा 21 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक आयोजित मेंस परीक्षा के आधार पर उम्मीदवारों का चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और अन्य केंद्रीय सेवाओं (ग्रुप A एवं ग्रुप B) में नियुक्ति के लिए किया जाएगा. प्रिलिम्स में सफल होने के बाद कुल 13,343 उम्मीदवार सिविल सेवा मेंस परीक्षा 2026 में शामिल हुए थे. मेंस के परिणाम के आधार पर 2,526 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चयनित किया गया है.

11 नवंबर से भर सकेंगे DAF, 25 नवंबर अंतिम तिथि

इंटरव्यू के लिए चयनित अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन पत्र (Detailed Application Form-DAF) भरना होगा. DAF भरने की प्रक्रिया 11 नवंबर 2026 से शुरू होगी और 25 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे तक जारी रहेगी. आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक जानकारियां और दस्तावेज अपलोड करने की सलाह दी है. UPSC ने स्पष्ट किया है कि इंटरव्यू के लिए चयनित उम्मीदवारों की उम्मीदवारी फिलहाल अस्थायी है. अभ्यर्थियों को अपनी पात्रता के समर्थन में आयु, शैक्षणिक योग्यता, जाति, EWS और दिव्यांगता से संबंधित मूल प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने होंगे. आरक्षण एवं छूट का लाभ लेने वाले उम्मीदवारों को संबंधित प्रमाणपत्र 27 फरवरी 2026 तक जारी होने का प्रमाण भी देना होगा. 

इंटरव्यू की तारीख और ई-समन बाद में होंगे जारी

इंटरव्यू की तारीखें आयोग जल्द जारी करेगा. इंटरव्यू UPSC कार्यालय, धौलपुर हाउस, शाहजहां रोड, नई दिल्ली में आयोजित होंगे. अभ्यर्थी अपने ई-समन पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.upsc.gov.in और https://upsconline.nic.inhttps://upsconline.nic.in से डाउनलोड कर सकेंगे. आयोग ने स्पष्ट किया है कि इंटरव्यू की तारीख और समय में बदलाव के अनुरोध सामान्यतः स्वीकार नहीं किए जाएंगे. जिन उम्मीदवारों ने प्रिलिम्स के दौरान अपनी शैक्षणिक योग्यता को ‘अपियरिंग' बताया था, उन्हें पास होने का प्रमाण अपलोड करना अनिवार्य है. इसके अलावा अभ्यर्थियों को सेवा वरीयता, रोजगार विवरण, उच्च शैक्षणिक योग्यता, वैवाहिक स्थिति, पता, प्रयासों और अन्य आवश्यक जानकारियों को अपडेट करना होगा. ऐसा नहीं करने पर उनकी उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है. 
-रजनीश कुमार सिंह के इनपुट के साथ 

यह भी पढ़ें- Success Story: 22 साल के ओवैस ने ChatGPT को बनाया गुरु, UPSC CDS में म‍िली AIR 107 
यह भी पढ़ें- IAS परी बिश्नोई के परिवार की घर वापसी, मंडी आदमपुर की दुकान नंबर 107 बना नया आशियाना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UPSC, India, Education
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com