विज्ञापन
This Article is From Nov 16, 2017

IND vs SL: विराट कोहली ने चेताया, इस कारण से खेल से दूर हो सकते हैं प्रशंसक

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कहा है कि बीते तीन महीने में एक ही विपक्षी टीम श्रीलंका के साथ दो बार सीरीज के खेलने से होने वाला 'ओवरडोज' प्रशंसकों को खेल से दूर कर सकता है.

IND vs SL: विराट कोहली ने चेताया, इस कारण से खेल से दूर हो सकते हैं प्रशंसक
विराट कोहली के नेतृत्‍व में टीम इंडिया ने हाल में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज जीती थी (फाइल फोटो)
  • कहा-फैंस को इस खेल से जोड़े रखने के लिए संतुलन है जरूरी
  • हम श्रीलंका के खिलाफ सीरीज जीत की मानसिकता से खेलेंगे
  • ढाई माह में ही श्रीलंका से दूसरी बार सीरीज खेल रही टीम इंडिया
कोलकाता: टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कहा है कि बीते तीन महीने में एक ही विपक्षी टीम श्रीलंका के साथ दो बार सीरीज के खेलने से होने वाला 'ओवरडोज' प्रशंसकों को खेल से दूर कर सकता है, इसलिए इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए. भारत ने तकरीबन ढाई महीने पहले ही श्रीलंका को उसके घर में खेल के तीनों प्रारूप में 9-0 से मात दी थी. कोहली से जब बुधवार को पूछा गया कि एक ही टीम के साथ बार-बार क्रिकेट खेलना क्या प्रशंसकों को खेल से दूर कर सकता है, तो उन्होंने कहा, "मैं यह नहीं जानता, इसका विश्लेषण प्रशंसकों को करना है जो मैच देखते हैं क्योंकि मैच देखना और मैच खेलना काफी अलग है."उन्होंने कहा, "हमारे लिए आत्मसंतुष्टि या यह कहना कि मैं इस टीम के साथ नहीं खेलना चाहता, जैसी कोई चीज नहीं हैं. हमें हर समय उसी तीव्रता के साथ खेलना होता है, इस सवाल का जवाब सही तरीके से प्रशंसक ही दे सकते हैं." कोहली ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए यह परेशानी नहीं है क्योंकि हम एक ही मानसिकता के साथ खेलते हैं. लेकिन, प्रशंसकों की रुचि बनाए रखने और खेल को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के लिए एक संतुलन की जरूरत है. कोहली ने कहा, "इसका विश्लेषण होना चाहिए क्योंकि आप नहीं चाहते कि प्रशंसक खेल से दूर भागें. हमें खिलाड़ियों को तरोताजा रखने व प्रतिस्पर्धा की भावना बनाए रखने और प्रशंसकों को खेल से जोड़े रखने के बीच संतुलन बनाने की जरूरत है."

वीडियो: पुजारा बोले, धोनी और कोहली में जीत की भूख है कॉमन
कोहली ने साफ किया उनकी टीम की मानसिकता इस सीरीज में भी नहीं बदलेगी और वह श्रीलंका को भी उसी तरह से ले रहे हैं, जैसे किसी और टीम को लेते हैं. कप्तान ने कहा, "आप जो भी मैच खेलते हैं वो महत्वपूर्ण हैं. ऐसा नहीं है कि हम सीरीज हार जाएंगे तो आप लोग कुछ नहीं कहोगे. इसलिए हर चीज जरूरी है. जब आप देश के लिए खेलते हैं तो आप चीजों को अलग तरीके से नहीं देख सकते. हम इस सीरीज में भी एक टीम के तौर पर अच्छा करना चाहते हैं." कोहली ने कहा, "हम जिस परिस्थति में खेलें, जिस भी संयोजन के साथ खेलें, हम दिमाग में यह बात रख कर उतरते हैं कि हमारे लिए जीत अहम है. टीम के हर खिलाड़ी के दिमाग में भी यही बात है चाहे हम भारत में खेलें या भारत के बाहर."
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Virat Kohli, Cricket Against Same Opposition
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com