विज्ञापन

Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी vs अभिषेक शर्मा, हैदराबाद में बल्ले से मचेगी तबाही!, IPL रिकार्ड्स में जानिए किसमे कितना है दम

Vaibhav Suryavanshi vs Abhishek Sharma IPL Records: हैदराबाद के मैदान पर अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी के बीच दिखेगी तूफानी बल्लेबाजी की होड़.

Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी vs अभिषेक शर्मा, हैदराबाद में बल्ले से मचेगी तबाही!, IPL रिकार्ड्स में जानिए किसमे कितना है दम
Vaibhav Suryavanshi vs Abhishek Sharma IPL Records

Vaibhav Suryavanshi vs Abhishek Sharma IPL Records: आईपीएल 2026 के 21वें मुकाबले में आज हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच जोरदार टक्कर होने वाली है. इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण होगा दोनों टीमों के बाएं हाथ के दो सबसे विस्फोटक ओपनर्स अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी के बीच रनों और रिकॉर्ड्स की जंग. अभिषेक शर्मा ने पिछले कुछ सीजन से सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पावरप्ले में कोहराम मचाया हुआ है. पावरप्ले के किंग अभिषेक शर्मा आईपीएल इतिहास के इकलौते ऐसे बल्लेबाज बन चुके हैं जिन्होंने 20 गेंदों से कम में 5 बार अर्धशतक जड़ा है.

उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ हाल ही में मात्र 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था. 81 आईपीएल मैचों के अनुभव के साथ अभिषेक बेहद परिपक्व हो चुके हैं और वह स्पिन और पेस दोनों को समान रूप से बाउंड्री के बाहर भेजने की काबिलियत रखते हैं.  

वैभव सूर्यवंशी, रिकॉर्ड तोड़ने वाली 'युवा सनसनी' 

बिहार से आने वाले महज 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने उम्र की सीमाओं को पीछे छोड़ दिया है. सबसे कम उम्र में हाहाकार मचाते हुए साल 2025 में 14 साल की उम्र में आईपीएल डेब्यू कर उन्होंने इतिहास रचा. इसके बाद गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मात्र 35 गेंदों में शतक जड़कर वह पुरुषों के टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र के शतकवीर बने.

दमदार फॉर्म का जलवा जारी

इस सीजन (IPL 2026) में वैभव ने बुमराह, हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे गेंदबाजों की बखिया उधेड़ कर 266.67 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं, जो किसी भी गेंदबाज के लिए बुरे सपने जैसा है. 

अभिषेक शर्मा बनाम वैभव सूर्यवंशी आईपीएल रिकॉर्ड्स

आईपीएल इतिहास में दोनों ही बल्लेबाजों ने बेहद कम उम्र में अपनी अमिट छाप छोड़ी है. सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा ने जहां 17 साल और 251 दिन की उम्र में अपना आईपीएल डेब्यू किया था, वहीं राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी ने महज 14 साल और 23 दिन की उम्र में मैदान पर उतरकर इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया.

अगर बात सबसे तेज शतकों की करें, तो दोनों के नाम अविश्वसनीय रिकॉर्ड दर्ज हैं. अभिषेक ने साल 2025 में पंजाब किंग्स के खिलाफ मात्र 40 गेंदों में शतक ठोका था, तो वहीं वैभव ने साल 2025 में ही गुजरात टाइटन्स के खिलाफ महज 35 गेंदों में शतक जड़कर भारत के लिए सबसे तेज आईपीएल शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

ओवरऑल करियर के आंकड़ों में दोनों का अंदाज बिल्कुल जुदा हैं. 81 मैचों के विशाल अनुभव वाले अभिषेक शर्मा ने अब तक कुल 1945 आईपीएल रन बनाए हैं. इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 27.39 और स्ट्राइक रेट 165.81 का रहा है. उनका सर्वोच्च स्कोर 141 रन (55 गेंद बनाम PBKS, 2025) है. दूसरी तरफ, 'युवा सनसनी' वैभव सूर्यवंशी ने अपने छोटे से करियर में 452 रन बनाए हैं, लेकिन उनका 41.09 का औसत और 229.44 का विध्वंसक स्ट्राइक रेट गेंदबाजों के होश उड़ाने के लिए काफी है. वैभव का सर्वोच्च स्कोर 101 रन (38 गेंद बनाम GT, 2025) है.

कम गेंदों में अर्धशतक ठोकने के मामले में अभिषेक शर्मा आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े बेताज बादशाह हैं. वह अब तक 5 बार 20 गेंदों से कम में अर्धशतक जड़ चुके हैं (जो आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक है). वहीं वैभव सूर्यवंशी भी इस मामले में ज्यादा पीछे नहीं हैं, उन्होंने अब तक 3 बार 20 गेंदों से कम में पचासा जड़ने का कारनामा किया है.

आज की जंग, कौन मारेगा बाजी?

आज जब हैदराबाद की सपाट और रनों से भरी पिच पर ये दोनों खब्बू बल्लेबाज उतरेंगे, तो चौकों और छक्कों की बरसात होना तय है. अभिषेक के पास अनुभव का फायदा है, तो वैभव के पास बेखौफ जवानी का जोश. देखना दिलचस्प होगा कि आज की शाम किसके नाम रहने वाली है. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com