Vaibhav Suryavanshi Half Century IPL Record; RR vs RCB IPL 2026: आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 202 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम ने पावरप्ले में ही मैच पर अपनी पकड़ बेहद मजबूत कर ली है. इस विस्फोटक शुरुआत के सबसे बड़े सूत्रधार बने 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी. उन्होंने अपने बल्ले का ऐसा खौफनाक जौहर दिखाया कि आरसीबी का पूरा गेंदबाजी आक्रमण उनके सामने असहाय और बेबस नजर आया. बाएं हाथ के इस युवा ओपनर ने मैदान पर कदम रखते ही गेंदबाजों की धज्जियां उड़ानी शुरू कर दीं. उन्होंने स्विंग के सुल्तान भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया.
𝟏𝟓 𝐛𝐚𝐥𝐥𝐬. 𝐓𝐡𝐚𝐭'𝐬 𝐚𝐥𝐥 𝐡𝐞 𝐧𝐞𝐞𝐝𝐬 🤯
— Star Sports (@StarSportsIndia) April 10, 2026
Vaibhav Sooryavanshi, the first-ever batter in the TATA IPL to smash three fifties in 17 balls or less 🥵#TATAIPL 2026 | #RRvRCB | LIVE NOW 👉https://t.co/b7gS3cp7ce pic.twitter.com/yOD9jabOHW
15 गेंदों में पचासा, हेजलवुड और भुवी की जमकर कुटाई
वैभव ने हेजलवुड के एक ही ओवर में 3 शानदार चौके और 1 गगनचुंबी छक्का जड़कर कुल 18 रन बटोरे वहीं उन्होंने अगले ही ओवर में भुवी को टारगेट किया और 2 दर्शनीय छक्के व 1 चौका लगाकर ओवर से 16 रन कूट डाले. वैभव ने महज 15 गेंदों में अपना तूफानी अर्धशतक पूरा कर बरसापारा स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया.
विराट कोहली के हाथों थमा वैभव सूर्यवंशी का तूफान
अर्धशतक पूरा करने के बाद भी वैभव रुके नहीं और लगातार चौके-छक्कों की बारिश करते रहे. हालांकि, वह एक और बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए. ऑफ स्टंप के बाहर पड़ी एक फुलर लेंथ गेंद पर वैभव ने हवाई शॉट लगाना चाहा, लेकिन बल्ला उनके हाथ में मुड़ गया. गेंद सीधे लॉन्ग ऑन पर खड़े विराट कोहली के सुरक्षित हाथों में चली गई. वैभव सूर्यवंशी आउट होने से पहले 26 गेंदों में 78 रनों की ऐसी आतिशी पारी खेल गए, जिसने राजस्थान रॉयल्स की बड़ी जीत की मजबूत बेस तैयार कर दी है. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 300.00 का रहा.
आईपीएल में किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज अर्धशतक (गेंदों के मामले में)
वैभव सूर्यवंशी अब आईपीएल इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. खास बात यह है कि वह 15 गेंदों में दो बार यह कारनामा कर चुके हैं.
13 गेंदें: यशस्वी जायसवाल (RR) बनाम KKR, कोलकाता, 2023
14 गेंदें: केएल राहुल (PBKS) बनाम DC, मोहाली, 2018
15 गेंदें: यूसुफ पठान (KKR) बनाम SRH, कोलकाता, 2014
15 गेंदें: वैभव सूर्यवंशी (RR) बनाम CSK, गुवाहाटी, 2026
15 गेंदें: वैभव सूर्यवंशी (RR) बनाम RCB, गुवाहाटी, 2026*
राजस्थान रॉयल्स के लिए पावरप्ले (पहले 6 ओवर) में 50+ का स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी
वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स के इतिहास के उन चुनिंदा आक्रामक बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्होंने मैच के शुरुआती 6 ओवरों के भीतर ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया हो.
जोस बटलर: 3 बार
*वैभव सूर्यवंशी: 3 बार
यशस्वी जायसवाल: 2 बार
माइकल लम्ब: 1 बार
बेन स्टोक्स: 1 बार
नीतीश राणा: 1 बार
आईपीएल में सबसे ज्यादा 20 से कम गेंदों में 50+ स्कोर (Most sub-20 ball 50s)
4 बार - निकोलस पूरन
4 बार - अभिषेक शर्मा
3 बार - जेक फ्रेजर-मैकगर्क
3 बार - ट्रेविस हेड
3 बार - वैभव सूर्यवंशी*
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं