Vaibhav Suryavanshi Challenges in IPL 2026; RR vs SRH: बिहार के 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में तहलका मचा रखा है. राजस्थान रॉयल्स (RR) के इस खब्बू ओपनर ने क्रिकेट पंडितों से लेकर दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों तक को हैरान कर दिया है. लेकिन जैसे-जैसे यह कारवां आगे बढ़ रहा है, वैभव के लिए यह सफर किसी 'अग्निपथ' से कम नहीं होने वाला है. वैभव ने इस सीजन में गेंदबाजों के होश उड़ा रखे हैं. उनकी पारियों में गजब का साहस और टाइमिंग नजर आई है. वैभव ने अब तक खेले गए कुल 4 मैचों में हैरतअंगेज बल्लेबाजी करते हुए 200 रन कूट दिए हैं.
इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 50.00 का रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा हैरान करने वाला उनका 266.67 का स्ट्राइक रेट है, जो इस पूरे टूर्नामेंट में सबसे खतरनाक और विध्वंसक में से एक माना जा रहा है. आरसीबी (RCB) के खिलाफ खेली गई उनकी मात्र 26 गेंदों में 78 रनों की पारी उनका इस सीजन का सर्वोच्च स्कोर है. अपनी बेखौफ बल्लेबाजी के दम पर वह अब तक कुल 18 चौके और 18 गगनचुंबी छक्के जड़ चुके हैं, जो उनकी आक्रामकता की गवाही देते हैं.
IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी का अब तक का धमाकेदार प्रदर्शन
कुल मैच - 4
कुल रन - 200 रन
बल्लेबाजी औसत - 50.00
स्ट्राइक रेट - 266.67
सर्वोच्च स्कोर: 78 रन (26 गेंद)
चौके/छक्के - 18 चौके और 18 छक्के
दुनिया के सबसे बड़े गेंदबाजों पर 'हल्ला बोल'
वैभव सूर्यवंशी की सबसे खास बात यह रही है कि वह सामने वाले गेंदबाज का नाम या कद देखकर नहीं खेलते. उन्होंने इस सीजन में विश्वस्तरीय गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई हैं जिसमे जसप्रीत बुमराह (MI) दुनिया के सबसे घातक टी20 गेंदबाज हैं. उनकी पहली ही गेंद पर वैभव ने छक्का जड़कर सनसनी मचा दी थी. इसके बाद जोश हेजलवुड (RCB), ऑस्ट्रेलिया के इस दिग्गज तेज गेंदबाज के खिलाफ भी वैभव ने निडर होकर चौके-छक्कों की बरसात की. फिर भुवनेश्वर कुमार (RCB), स्विंग के सुल्तान भुवी की गेंद पर भी उन्होंने पहली ही गेंद पर चौका जड़ इस सीजन के लिए बड़ा ऐलान कर दिया है.
वैभव के तूफान पर दिग्गजों के बड़े बयान
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने अपने बयान में कहा था "वैभव ने बुमराह जैसे 'GOAT' गेंदबाज को भी सोचने पर मजबूर कर दिया. सेलेक्टर्स को इस बच्चे को ज्यादा इंतजार नहीं कराना चाहिए और जल्द ही टीम इंडिया की कैप थमा देनी चाहिए."
पूर्व साउथ अफ्रीकी कप्तान ग्रीम स्मिथ ने कहा, "वैभव एक 'असली सुपरस्टार' बन सकता है. पहली ही गेंद से आक्रामक होने की उसकी काबिलियत वाकई अद्भुत है."
पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने अपने बयान में कहा, "वह अभी सिर्फ 15 साल का है. अगर वह 10 साल बाद भी खेलेगा तो केवल 25 साल का होगा. वह निश्चित तौर पर सिलेक्टर्स की रडार पर रहेगा."
'अग्निपथ' पर वैभव, आगे चुनौतियां और उम्मीदों का दबाव
जब कोई 15 साल का खिलाड़ी उम्मीद से कई गुना बेहतर प्रदर्शन कर देता है, तो उसके कंधों पर अचानक से करोड़ों फैंस और टीम की उम्मीदों का बोझ आ जाता है. टूर्नामेंट जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, वैभव के सामने कई बड़ी चुनौतियां आने वाली हैं.
प्रदर्शन का लय बरकरार रखना - टी20 क्रिकेट में हर रोज रन बनाना आसान नहीं होता. ऐसे में हर मैच में उसी आक्रामक अंदाज को बरकरार रखना उनके लिए सबसे बड़ी परीक्षा होगी.
विरोधी टीमों की कड़क प्लानिंग - शुरुआती मैचों के बाद अब सभी विरोधी टीमें वैभव के मजबूत और कमजोर पक्षों का एनालिसिस करेंगी. अब उनके खिलाफ खास रणनीति (बाउंसर या सटीक यॉर्कर) अपनाई जाएगी, जिससे पार पाना वैभव के लिए कड़ा इम्तिहान होगा.
मानसिक दबाव से पार पाना - इतनी कम उम्र में रातों-रात मिलने वाले स्टारडम और लगातार अच्छा करने के दबाव को संभालना आसान नहीं होता. उन्हें हर परिस्थिति में अपना मानसिक संतुलन बनाए रखना होगा.
आज हैदराबाद के खिलाफ फिर होगी परीक्षा
आज सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स का बड़ा मुकाबला है. हैदराबाद की कसी हुई गेंदबाजी और घरेलू मैदान के माहौल के बीच वैभव सूर्यवंशी पर एक बार फिर सभी की निगाहें टिकी होंगी. देखना दिलचस्प होगा कि वह इस दबाव को सोखकर एक बार फिर अपनी बेखौफ बल्लेबाजी का जलवा बिखेर पाते हैं या नहीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं