Maruti Suzuki ने कुछ समय पहले ही नई Brezza Facelift को भारतीय बाजार में उतारा है. इस बार Maruti ने SUV के डिजाइन में हल्के बदलाव करने के साथ फीचर्स और पावरट्रेन पर भी बड़ा फोकस किया है. सबसे बड़ा बदलाव 6-स्पीड गियरबॉक्स और नए 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के रूप में देखने को मिला है. वहीं CNG वैरिएंट को भी पहले से ज्यादा प्रैक्टिकल बनाया गया है. अगर आप नई Brezza खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो पहले इसके माइलेज, इंजन ऑप्शन और कीमत के बारे में जान लेना जरूरी है.
पहले से ज्यादा माइलेज के साथ आई नई Brezza
नई Maruti Brezza अब पहले के मुकाबले ज्यादा फ्यूल एफिशिएंट हो गई है. कंपनी ने 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया है. इसके अलावा 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन भी शामिल किया गया है. ARAI के मुताबिक 1.5-लीटर पेट्रोल मैनुअल LXI और VXI वैरिएंट 21.09 kmpl तक का माइलेज देते हैं. ZXI वैरिएंट का माइलेज 20.81 kmpl है, जबकि ऑटोमैटिक वैरिएंट 20.17 kmpl तक का दावा करता है.
अगर CNG वैरिएंट की बात करें तो 1.5-लीटर CNG मॉडल 26.90 km/kg तक का माइलेज देने का दावा करता है. कंपनी के अनुसार यह पुराने मॉडल के मुकाबले करीब 1 km/kg ज्यादा है.
तीन इंजन ऑप्शन के साथ आई SUV
नई Brezza में ग्राहकों को तीन इंजन विकल्प मिलते हैं. पहला 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन है, जो 103 PS की पावर और 139 Nm का टॉर्क देता है. दूसरा इसी इंजन का CNG वर्जन है, जो 88 PS की पावर और 121.5 Nm टॉर्क जनरेट करता है. तीसरा नया 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन है, जो 110 PS की पावर और 170 Nm टॉर्क देता है.
पेट्रोल इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है. वहीं CNG और टर्बो पेट्रोल वेरिएंट फिलहाल केवल 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध हैं.
CNG वैरिएंट की कीमत
नई Brezza CNG को LXI, VXI और ZXI वैरिएंट में खरीदा जा सकता है. VXI CNG की एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये रखी गई है. वहीं LXI CNG की कीमत 9.29 लाख रुपये और ZXI CNG की कीमत 11.49 लाख रुपये है. टॉप ZXI+ वैरिएंट में CNG का विकल्प नहीं मिलता है.
VXI CNG वैरिएंट को सबसे ज्यादा वैल्यू फॉर मनी माना जा रहा है क्योंकि इसमें जरूरी फीचर्स के साथ CNG का विकल्प भी मिलता है और कीमत भी 10 लाख रुपये के अंदर रहती है.
अंडरबॉडी CNG टैंक बना सबसे बड़ा बदलाव
नई Maruti Brezza Facelift के VXi CNG वैरिएंट में सबसे बड़ा बदलाव इसके CNG टैंक की नई पोजिशनिंग है. पहले जहां CNG सिलेंडर बूट स्पेस का बड़ा हिस्सा घेर लेता था, वहीं अब कंपनी ने सिलेंडर को अंडरबॉडी में फिट किया है. इसका फायदा यह है कि पेट्रोल और CNG दोनों वैरिएंट में लगभग समान बूट स्पेस मिलता है. कंपनी ने बूट फ्लोर को पहले की तरह फ्लैट रखा है, जिससे सामान रखने में कोई परेशानी नहीं होती है.
बूट के नीचे पंचर रिपेयर किट, एयर इन्फ्लेटर और जैक जैसी जरूरी चीजें दी गई हैं. वहीं CNG सिलेंडर नीचे की तरफ लगाया गया है, जिससे बूट की उपयोगिता पहले के मुकाबले काफी बेहतर हो गई है. सिलेंडर की क्षमता करीब 55 लीटर के आसपास है. हालांकि, आपको स्पेयर पार्ट देखने को नहीं मिलेगा.
इंजन और CNG सेटअप
Brezza CNG में 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है. इंजन के अंदर CNG फिटमेंट काफी साफ-सुथरे तरीके से की गई है और पाइपिंग भी अच्छी तरह छिपाई गई है. कंपनी ने पूरे सिस्टम को इस तरह डिजाइन किया है कि इंजन बे काफी क्लीन दिखाई देता है. ये इंजन E20 फ्यूल के साथ भी कम्पैटिबल है. यानी ग्राहक 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. जरूरत पड़ने पर गाड़ी को पेट्रोल और CNG दोनों मोड में चलाया जा सकता है.
VXi वैरिएंट में मिलते हैं ये फीचर्स
VXi वैरिएंट में अब पहले के मुकाबले बेहतर इंटीरियर देखने को मिलता है. डैशबोर्ड पर नया ब्राउन फिनिश दिया गया है, जिससे केबिन पहले से ज्यादा प्रीमियम लगता है. इसके अलावा नई इंफोटेनमेंट स्क्रीन भी मिलती है, जो वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay को सपोर्ट करती है.
इसके अलावा ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, रियर AC वेंट्स, मल्टी-फंक्शन स्टीयरिंग व्हील, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, USB चार्जिंग, पावर विंडो और एडजस्टेबल हेडरेस्ट जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं.
हालांकि इस वैरिएंट में रिवर्स कैमरा नहीं मिलता. केवल रियर पार्किंग सेंसर दिए गए हैं. वहीं क्रूज कंट्रोल और सनरूफ जैसे फीचर्स भी इसमें उपलब्ध नहीं हैं. ये सुविधाएं ZXi और ZXi+ वेरिएंट में मिलती हैं.
एक्सटीरियर में ज्यादा बदलाव नहीं
नई Brezza के डिजाइन में बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं. फ्रंट में नई ग्रिल और बदला हुआ बंपर मिलता है. फॉग लैंप हाउसिंग का डिजाइन नया है और बंपर पर ग्रे फिनिश दी गई है. साइड प्रोफाइल पहले जैसी ही है, जबकि नए डिजाइन के 16-इंच अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. पीछे की तरफ LED टेललाइट्स और Brezza बैजिंग पहले की तरह बरकरार रखी गई है. VXi CNG वैरिएंट में व्हील कवर, बॉडी कलर्ड ORVM और MRF टायर दिए गए हैं. वहीं रूफ रेल्स और कुछ प्रीमियम कॉस्मेटिक एलिमेंट्स इस वैरिएंट का हिस्सा नहीं हैं.
क्या नई Brezza CNG खरीदनी चाहिए?
अगर आपका रोजाना का रनिंग ज्यादा है और आप कम फ्यूल खर्च में एक भरोसेमंद कॉम्पैक्ट SUV चाहते हैं, तो नई Maruti Brezza CNG एक मजबूत ऑप्शन बनकर सामने आती है. कंपनी ने इस बार सबसे बड़ी समस्या यानी बूट स्पेस को अंडरबॉडी CNG टैंक देकर काफी हद तक खत्म कर दिया है. साथ ही 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स, बेहतर माइलेज और नए फीचर्स इसे पहले से ज्यादा आकर्षक बनाते हैं.
VXi CNG वैरिएंट उन ग्राहकों के लिए सबसे वैल्यू फॉर मनी विकल्प माना जा सकता है, जिन्हें जरूरी फीचर्स, अच्छा माइलेज और बैलेंस्ड कीमत चाहिए. वहीं जिन लोगों को ज्यादा फीचर्स और बेहतर परफॉर्मेंस चाहिए, उनके लिए टर्बो पेट्रोल और ZXi+ वैरिएंट उपलब्ध हैं.
नई Brezza में अब 10.1 इंच टचस्क्रीन, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, रियर AC वेंट्स, 6 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल होल्ड असिस्ट और कई आधुनिक सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं. इसके अलावा 5-स्टार BNCAP सेफ्टी रेटिंग भी इसे इस सेगमेंट की मजबूत SUV बनाती है.
कुल मिलाकर नई Maruti Brezza Facelift पहले के मुकाबले ज्यादा प्रैक्टिकल, ज्यादा माइलेज देने वाली और बेहतर फीचर्स के साथ बाजार में उतरी है. खासतौर पर CNG वैरिएंट में मिला अंडरबॉडी टैंक और 6-स्पीड गियरबॉक्स इसे उन ग्राहकों के लिए और आकर्षक बनाता है जो कम रनिंग कॉस्ट के साथ फैमिली SUV खरीदना चाहते हैं.
ये भी पढ़ें: भूल जाइए पेट्रोल-बिजली! आ गया धूप से चलने वाला स्कूटर, 60 किमी तक की है रेंज, जान लीजिए कीमत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं