श्रीलंका ए और भारत ए के बीच दांबुल में हो रहे ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी का कोहराम देखने को मिला है. बेबी बॉस ने सिर्फ 11 गेंदों में फिफ्टी लगाई है. इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 5 छ्क्के आए और उनका स्ट्राइक रेट 454 से अधिक का रहा. जब पिछली बार दोनों टीमें भिड़ीं थी, तब वैभव की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से झड़प हुई थी. वैभव इस टूर्नामेंट में फाइनल से पहले कोई बड़ी पारी भी नहीं खेल पाए थे और उनको लेकर कई सवाल उठ रहे थे. ऐसे में इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने बल्ले से सभी सवालों के जवाब दिए और सिर्फ 11 गेंदों में फिफ्टी लगाकर, लिस्ट ए के इतिहास का सबसे तेज अर्द्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया.
सिर्फ 11 गेंदों में ठोका अर्द्धशतक
लिस्ट ए में सबसे तेज अर्द्धशतक का रिकॉर्ड इससे पहले श्रीलंकाई खिलाड़ी के वीररत्ने के नाम था, जिन्होंने 2005 में 12 गेंदों में यह कारनामा किया था. इसके बाद परेरा ने 13 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी. लिस्ट में तीसरे स्थान पर आरके क्लेनवेल्ट थे, जिनके नाम 14 गेंदों में पचासा था. जबकि एजे हॉलियोके और सलमान बट ने 15-15 गेंदों में अर्द्धशतक लगाया था.
इसके अलावा उन्होंने भारत की ओर से लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड सरफराज खान के नाम दर्ज था, जिन्होंने विजय हजारे टूर्नामेंट में 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया था. वैभव ने सरफराज के इस रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया है.
रविवार को वैभव ने जो कहरमना मचाया, उसमें सभी दिग्गजों के रिकॉर्ड हवा में तिनके की तरह उड़ गए. वैभव ने जो शुरुआती गेंद खेली, उसमें एक भी सिंगल नहीं लिया और सिर्फ एक डॉट गेंद रही. उन्होंने जिन पहली पांच गेंदों का सामना किया उन पर दो छक्के और तीन चौके लगाए. सूर्यवंशी ने तेज गेंदबाज दुलज समुदिता की गेंदों पर दो छक्के लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया.
वैभव ने पारी के दूसरे ओवर में श्रीलंका के गेंदबाज शिराज के खिलाफ तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए तीन छक्के और दो चौकों की मदद से 26 रन बटोरे. वैभव ने अब तक कुल 12 लिस्ट एक मुकाबले खेले हैं और उनका प्रदर्शन दमदार रहा है. लिस्ट ए क्रिकेट में वैभव ने साल 2024 में अपना डेब्यू किया था. वह लिस्ट ए क्रिकेट में बिहार के लिए 190 रनों की शानदार पारी भी खेल चुके हैं.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में काटा गदर, 29 गेंदों में ठोके 94, शतक ही नहीं इस वर्ल्ड रिकॉर्ड से भी चूके
यह भी पढ़ें: हार्दिक चूके, बुमराह की वापसी, कोहली को शर्त के साथ मौका, इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं