विज्ञापन

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में खेल सकते हैं वैभव सूर्यवंशी: सितांशु कोटक

भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कहा है कि ईशान किशन चोटिल हैं और वो दूसरे टी20 से बाहर हो सकते हैं.

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में खेल सकते हैं वैभव सूर्यवंशी: सितांशु कोटक
दूसरे टी20 में खेल सकते हैं वैभव सूर्यवंशी

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय से पहले भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बताया है कि विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ग्रोइन इंजरी की चोट से जूझ रहे हैं और उनके दूसरे मुकाबले में खेलने की संभावना काफी कम है. अगर ईशान दूसरे मैच में नहीं खेल पाते हैं तो ऐसी सूरत में वैभव सूर्यवंशी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनेंगे. क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में तिलक वर्मा तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे, जिसके बाद कई अटकलें लगाई जा रहीं थीं.  दूसरे मैच से पहले पत्रकारों से बात करते हुए कोटक ने कहा,"मैंने भी कई अटकलें सुनी हैं. असल में, ईशान की ग्रोइन में खिंचाव था, इसलिए बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करना पड़ा." उन्होंने आगे कहा कि "इस बात की संभावना कम है कि वह कल का मैच भी खेल पाएंगे."

अगर ईशान बाहर रहते हैं, तो वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल किया जा सकता है. कोटक ने कहा,"अगर ईशान नहीं खेलते हैं और जब तक वह पूरी तरह ठीक नहीं हो जाते, जिस पर मेडिकल टीम सलाह देगी, तो उनकी जगह वैभव निश्चित रूप से आ सकते हैं." उन्होंने आगे कहा,"वह सबसे मजबूत दावेदारों में से एक हैं."

बता दें, न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत ने 226 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट और दो गेंदें शेष रहते जीत हासिल की. ​​हालांकि, किशन से पहले तिलक वर्मा का तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आना चर्चा का विषय बन गया. तिलक 11 गेंदों में सिर्फ 6 रन ही बना सके, जबकि किशन भी कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए. वे केवल तीन गेंदें खेल सके और एक रन बनाकर पवेलियन लौटे. वर्मा को माइकल ब्रेसवेल ने आउट किया, जबकि किशन को मिशेल सेंटनर ने अपना शिकार बनाया.

वैभव सूर्यवंशी को लेकर दुविधा

वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड दौरे पर अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था. हालांकि, तीन मैचों के बाद ही उन्हें टीम से ड्रॉप कर दिया गया था. एशियन गेम्स में वीवीएस लक्ष्मण टीम इंडिया के हेड कोच की भूमिका में थे और उन्होंने परिस्थितियों को देखते हुए वैभव और संजू दोनों को मौके दिए थे. एशियन गेम्स में सूर्यवंशी सेमीफाइनल (श्रीलंका के खिलाफ) और फाइनल (पाकिस्तान के खिलाफ) दोनों मैचों का हिस्सा थे. इसके बाद, वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में उन्हें बेंच पर ही बैठना पड़ा.

गौतम गंभीर एंड कंपनी संजू सैमसन पर पूरा भरोसा जता रही है. ऐसे में वैभव की टीम में कोई जगह नहीं बन पा रही और इस युवा सनसनी को प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ रहा है. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले मैच से पहले, कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि सूर्यवंशी को अपने मौके का इंतजार करना होगा, क्योंकि टीम के पास पहले से ही अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के रूप में दो लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले ओपनर मौजूद हैं.

पहले टी20 से पहले पत्रकारों से बात करते हुए अय्यर ने कहा था,"वह अभी बहुत युवा है. उसे आगे भी मौके मिलेंगे. ऐसा नहीं है कि वह अभी सीधे टीम में आ सकता है, क्योंकि हमारे ओपनर लगातार रन बना रहे हैं और उन्होंने विश्व कप भी जीता है." 

कप्तान ने आगे कहा  था,"तो, अगर आप देखें, तो जब वह विदेश का दौरा करेंगे, तो उन्हें इन खास विकेटों पर खेलने का अच्छा अंदाजा हो जाएगा. अगली बार, जब भी वह इन परिस्थितियों में आएंगे, तो वह पूरी तरह से तैयार होंगे. और जो भी टीम के अन्य सदस्य पहली बार यहां आएंगे, उन्हें भी वह सलाह दे सकेंगे."

यह भी पढ़ें: IND vs NZ 1st T20I: 'हमने पहले ही बना लिया था प्लान', ऐतिहासिक जीत के बाद संजू सैमसन का बड़ा खुलासा

यह भी पढ़ें: कौन हैं संदीप कुमार: पैरा एशियन गेम्स में 400 मीटर दौड़ में तोड़ा विश्व रिकॉर्ड, स्वर्ण पदक पर जमाया कब्जा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vaibhav Sooryavanshi, Cricket, Ishan Pranav Kumar Pandey Kishan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com