वैभव सूर्यवंशी किनकी तरह क्रिकेट खेलते हैं? एक्सपर्ट्स बेशक उनकी तुलना किसी से ना करना चाहें, मगर फैंस यह सवाल जरूर पूछते हैं. वैसे तो किसी भी दो क्रिकेटर की तुलना खासकर जो अलग-अलग वक्त में खेलें हो, हो नहीं सकती. लेकिन भारतीय फैंस सचिन तेंदुलकर की तुलना डॉन ब्रैडमैन से भी करते थे. खुद ब्रैडमैन ने सचिन तेंदुलकर को देखकर एकबार अपनी पत्नी जेसी से कहा था, "मैं खुद को खेलते हुए कभी नहीं देख पाया, लेकिन मुझे लगता है कि यह लड़का बिल्कुल मेरी तरह खेलता है."
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर टॉम मूडी ने वैभव सूर्यवंशी की तुलना सर डॉन ब्रैडमैन से और पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने उनकी तुलना सचिन तेंदुलकर से कर ही दी. वैभव की तुलना पूर्व दिग्गजों से ना भी करना चाहें तो उनमें थोड़ा डॉन ब्रैडमैन, थोड़ा सचिन तेंदुलकर, थोड़ा एबी डीविलियर्स, थोड़ा विराट कोहली और थोड़े वीरेंद्र सहवाग जरूर नजर आते हैं.
सचिन तेंदुलकर जैसे बेखौफ़ हैं वैभव सूर्यवंशी
सचिन तेंदुलकर ने जब अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी तब 16 साल की उम्र में सियालकोट में टेस्ट मैच खेलते हुए वकार यूनुस की गेंद पर उनकी नाक पर गेंद लगी और नाक से खून बहने लगा था. मगर सचिन ने इन सब की परवाह न करते हुए कहा था, "मैं खेलेगा."
15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी जब बल्लेबाजी करते हैं तो उनकी एक ही फिलासफी है, जो वह बराबर कहते रहते हैं, "मैं गेंद को खेलता हूं गेंदबाज को नहीं." गेंदबाजों का सामना करते वक्त वह बिल्कुल सचिन तेंदुलकर जैसे निर्भीक दिखते हैं.
युवराज सिंह और एबी डीविलियर्स जैसे टैलेंटेड नजर आते हैं वैभव
वैभव सूर्यवंशी ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत ही छक्के के साथ की और बाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने युवराज सिंह की याद दिला दी. युवराज सिंह ने स्टुअर्ट ब्रॉड को 2007 वर्ल्ड कप में एक ओवर में छह छक्के जड़कर लाजवाब कारनामा किया था. वैभव युवराज सिंह की तरह ही कई कारनामे करते नजर आते हैं. वैभव के पास युवराज सिंह जैसी बैट-स्पीड और बैट-स्विंग है तो एबी डीविलियर्स की तरह मैदान के हर कोने पर चौके छक्के जड़ने की क्षमता.
ब्रायन लारा जैसे बाएं हाथ का क्लास- बल्लेबाज
वैभव सूर्यवंशी के पिताजी और खुद वैभव सूर्यवंशी भी कह चुके हैं कि वह ब्रायन लारा का वीडियो देखते हुए बड़े हुए हैं. हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंद पर 97 रनों की पारी के दौरान 12 छक्के लगाते हुए उनमें कई बार ब्रायन लारा जैसा क्लास भी नजर आया. हालांकि रेड बॉल क्रिकेट में अभी वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत भी नहीं की है और उन्हें अभी मीलों लंबा सफर तय करना है. लेकिन लारा के बैटिंग की झलक छोटे फॉर्मेट में वैभव के बल्लेबाज़ी में जरूर नजर आती है.
T20 फॉर्मेट का ब्रैडमैन
आईपीएल के मौजूदा सीजन के 15 मैचों में वैभव सूर्यवंशी ने 243 के स्ट्राइक रेट से 680 रन बनाए हैं और इस दौरान उनका औसत 45 से ज्यादा है. सबसे बड़ी बात है इतने मैचों में अपने स्ट्राइक रेट को बरकरार रखना. IPL 2026 में उनमें और आईपीएल के सभी खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर चल रहे साई सुदर्शन के बीच करीब 100 के स्ट्राइक रेट का फासला है (वैभव का स्ट्राइक रेट 243 साईं सुदर्शन का स्ट्राइक रेट 158). टेस्ट क्रिकेट में वीरेंद्र सहवाग कुछ ऐसी ही बल्लेबाजी करते नहीं नजर आते थे?
वैभव में गेल-सी मस्ती और विराट का जुनून
वैभव से कई बार कमेंटेटर्स और एक्सपर्ट्स ने पूछा है कि वह बल्लेबाजी के वक्त क्या सोचते हैं? वैभव का जवाब हर बार एक ही रहता है, "मैं ज्यादा नहीं सोचता सर, बस अपने गेम पर फोकस करता हूं और देखता हूं किस गेंदबाज को कहां मारना है." यह बिल्कुल क्रिस गेल का अंदाज ही है जो वह बड़े से बड़े गेंदबाजों को मैदान के हर कोने की बाउंड्री का नजारा करवाते हैं. फिलहाल उनमें विराट कोहली जैसी रनों की भूख भी नजर आती है. वह लंबा खेलना चाहते हैं क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ना चाहते हैं T20 में 200 रनों की पारी खेलना चाहते हैं और उनमें ग़ज़ब की टीम भावना नजर आती है जो बहुत कुछ विराट कोहली की झलक दिखाती है.
यह भी पढ़ें: यूनिवर्स बॉस की दहशत Vs बेबी बॉस का खौफ, वैभव के 97 Vs क्रिस गेल के 175 रन-दोनों पारियों में कौन बेहतर?
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी का ध्यान क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ने पर नहीं कहीं और था, मैच के बाद खुद किया खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं