आगरा की ट्रेन में कुछ दिन पहले महिला के शव के टुकड़े मिले थे. अब इस मामले में सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस चेन्नई के एक घर तक पहुंची है जहां पूरे मामले में एक अलग ही नाटकीय मोड़ ले लिया है.
आगरा की ट्रेन में सूटकेस के अंदर जो शव के टुकड़े मिले थे, वे 38 वर्षीय ओडिशा की रहने वाली महिला Hayuthan Nisha के थे. उसकी हत्या किए जाने के बाद शव को दो टुकड़ों में काट दिया गया था.
बताया जा रहा है कि 5 अगस्त को चेन्नई सेंट्रल से नई दिल्ली के लिए ट्रेन रवाना हुई थी. इसके बाद आगरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेन में कुछ अजीब-सी बदबू आई. रेलवे पुलिस को इसकी सूचना दी गई. पुलिस ने संदिग्ध सूटकेस को खोला तो उसमें एक महिला का शव दो टुकड़ों में पड़ा हुआ था.
इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगरा पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान की और इसकी सूचना चेन्नई सेंट्रल रेलवे पुलिस को दी. इसके बाद चेन्नई सेंट्रल रेलवे पुलिस ने दोनों संदिग्धों की तलाश शुरू की.
दोनों की पहचान Manik Uddin और Bhagabati Majhi के रूप में हुई. इसके बाद लोकल पुलिस ने चेन्नई में उनका घर भी खोज निकाला. जैसे ही पुलिस घर पहुंची, वहां एक हैरान कर देने वाली चीज सामने आई. खाना बनाने वाले बर्तन में शव के कुछ टुकड़े बिल्कुल सड़े हालत में मिले.
NDTV से बात करते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस मामले की जांच अभी जारी है. एक बार दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया जाएगा, तब हत्या के पीछे की पूरी साजिश का पता चल सकेगा.
फिलहाल दोनों संदिग्ध फरार चल रहे हैं. अब वैज्ञानिक जांच भी की जाएगी जिससे यह पता लगाया जा सके कि ट्रेन में मिले शव के टुकड़े और चेन्नई के घर में मिले अवशेष आपस में मेल खाते हैं या नहीं. अभी के लिए पीड़ित महिला के बेटे की शिकायत के आधार पर मिसिंग कंप्लेंट दर्ज कर ली गई है और मामले में आगे की जांच जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं