- पूर्व PAK तेज गेंदबाज उमर गुल ने हार्दिक पांड्या को पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया
- उमर गुल के अनुसार हार्दिक पांड्या की शांत और संयमित खेल शैली उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है
- गुल ने भारत की मिडिल ऑर्डर की पिछली पारियों में कमजोर प्रदर्शन पर चिंता जताई और सुधार की जरूरत बताई
भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले के लिए क्रिकेट की बिसात बिछ चुकी है. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम मे होने वाले इस हाईवोल्टेज मैच का सबको बेसब्री से इंतजार है. इससे पहले पाकिस्तान टीम के पूर्व तेज गेंदबाज ने भारत के एक खिलाड़ी को अपनी टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया है. हैरानी की बात है कि वो न तो ओपनर अभिषेक शर्मा हैं और न ही जसप्रीत बुमराह. गुल ने इस प्लेयर के खिलाफ पाकिस्तान टीम को संभलकर खेलने की सलाह दी है.
कौन है वो खिलाड़ी जो पाकिस्तान की करेगा नींद हराम
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर उमर गुल ने भारत के स्टार ऑल‑राउंडर हार्दिक पांड्या को पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया है. उन्होंने इस बहुप्रतीक्षित मैच में पाकिस्तान को संभावित विजेता भी बताया यानी गुल ने अपनी टीम केजीक की भविष्यवाणीकी है. Mr Cricket UAE पॉडकास्ट पर बात करते हुए, उमर गुल ने कहा कि हार्दिक पांड्या भारत के लिए एक मुख्य हथियार होंगे.उन्होंने हार्दिक को शांत, संयमित और बेहद खतरनाक खिलाड़ी बताया है.
होगा भारी दबाव,गुल ने पाक के जीत की भविष्यवाणी की
गुल ने जोर देकर कहा कि पांड्या का विकेट बेहद महत्वपूर्ण होगा.उमर गुल ने उनकी जोरदार हिटिंग, स्मार्ट शॉट चयन, और शांत व संयमित खेल शैली की प्रशंसा की, जो उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है. उमर गुल ने कहा कि एक खिलाड़ी जो बहुत शांत, संयमित है और पाकिस्तान के लिए खतरा बन सकता है, वह हैं हार्दिक पांड्या. उसका विकेट बेहद अहम होगा.उसकी हिटिंग और शॉट चयन उसे दूसरों से अलग बनाते हैं. उमर गुल ने यह भी कहा कि भारत बनाम पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मैच भीषण दबाव में खेला जाएगा. उनका मानना है कि मुकाबला कुल मिलाकर बराबरी का है, लेकिन आर. प्रेमदासा स्टेडियम की परिस्थितियों के कारण उन्हें लगता है कि पाकिस्तान को हल्का फायदा मिल सकता है.
भारत के मिडिल ऑर्डर पर जताई चिंता
उमर गुल ने भारत की मिडिल ऑर्डर बैटिंग पर भी चिंता जताई.उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि भारत का मिडिल ऑर्डर पिछली दो पारियों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाया है.आगे मजबूत टीमों के खिलाफ मैच होने वाले हैं, इसलिए यह एक चिंता की बात है जिसे भारत को जल्द ठीक करना होगा.गुल ने आगे कहा कि अगर अभिषेक शर्मा पूरी तरह फिट हो जाते हैं, तो वे सीधे प्लेयिंग XI में शामिल होंगे और संजू सैमसन की जगह लेंगे. उन्होंने कहा कि अभिषेक शर्मा एक टॉप टी20 खिलाड़ी हैं.
कैसी हो भारत की प्लेइंग इलेवन, गुल ने बताया
उमर गुल ने पॉडकास्ट में कहा कि अगर अभिषेक शर्मा पूरी तरह फिट हो जाते हैं, तो वह सीधे भारत की प्लेइंग XI में आ जाएंगे और संजू सैमसन को फिर से बेंच पर बैठना पड़ेगा.उमर गुल ने भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव के पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन रिकॉर्ड का भी जिक्र किया और कहा कि कोलंबो की परिस्थितियों को देखते हुए भारत उन्हें एक सीमर की जगह टीम में शामिल कर सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि बैटिंग डेप्थ बनाए रखने के लिए भारत अर्शदीप सिंह को आराम दे सकता है. उमर गुल ने आगे कहा कि कुलदीप का पाकिस्तान के खिलाफ बहुत अच्छा ट्रैक रिकॉर्ड है.
#WATCH | Mumbai, Maharashtra: On India-Pakistan's upcoming match in the T20 World Cup 2026, Youngster Nirak Ghare says, "It will be fun to see today's match... India will bat first and play good cricket... The game will be tough, but India will play well as usual." pic.twitter.com/ZCfw8yh4o7
— ANI (@ANI) February 15, 2026
पाकिस्तान टीम में कहां खेलें फखर जमान?
उमर गुल ने पाक टीम की अंतिम एकादश पर कहा कि बाबर आजम बनाम फखर जमान की बहस समझ में आती है.उन्होंने बाबर को पाकिस्तान का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बताया, लेकिन सुझाव दिया कि फखर जमान अपनी पावर‑हिटिंग की वजह से नंबर 4 पर खेलने के लिए ज्यादा उपयुक्त हैं.उन्होंने आगे कहा कि बाबर की हाल की USA के खिलाफ पारी ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है. उमर गुल ने आगे कहा कि यह बहुत चर्चा वाला मुद्दा है.बाबर आजम पाकिस्तान के सबसे अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन फखर जमान अपनी पावर‑हिटिंग की वजह से नंबर 4 पर खेलने के लिए अधिक उपयुक्त हैं,फिर भी, बाबर की USA के खिलाफ हाल की पारी ने उन्हें आत्मविश्वास दिया है और उनकी क्लास पर कोई सवाल नहीं उठा सकता.
उमर गुल का मानना है कि टीम प्रबंधन को उस्मान खान पर भरोसा बनाए रखना चाहिए.उमर गुल ने कहा कि मुझे लगता है टीम प्रबंधन को उसमान खान को एक और मौका देना चाहिए.वे उस पर भरोसा करते हैं और इसी वजह से वह नफाय के बजाय XI में जगह पा रहा है. पाकिस्तान को प्रयोग करने से बचना चाहिए और इसी प्लेइंग XI को बैक करना चाहिए. गौर करने वाली बात यह है कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान आठ बार आमने‑सामने आए हैं, जिसमें पाकिस्तान केवल एक मैच जीत पाया है, जबकि भारत का रिकॉर्ड 7‑1 है. अब तक टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान दो‑दो मैच खेल चुके हैं और दोनों मैच जीत चुके हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं