Team India Strategy vs Usman Tariq IND vs PAK T20 World Cup 2026: आज जब कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान की टीमें टकराएंगी, तो रोमांच की सारी सीमाएं टूट जाएंगी, लेकिन मैच से पहले जो वीडियो सामने आया है, उसने पाकिस्तानी खेमे में खलबली मचा दी है. कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के 'एक्स-फैक्टर' माने जा रहे उस्मान तारिक की मिस्ट्री को सुलझाने के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया है.
जब खुद 'उस्मान तारिक' बन गए कप्तान सूर्या!
पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक अपने 'पॉज-एंड-रिलीज' (रुक कर गेंद फेंकने) एक्शन के लिए चर्चा में हैं. भारतीय बल्लेबाजों को इस अजीबोगरीब एक्शन में परेशानी न हो, इसके लिए कप्तान सूर्या ने खुद मोर्चा संभाला. अभ्यास सत्र के दौरान सूर्या ने ठीक उस्मान तारिक के अंदाज में गेंदबाजी की.
उन्होंने अभिषेक शर्मा और ईशान किशन समेत सभी बल्लेबाजों को तारिक के एक्शन की नकल करते हुए प्रैक्टिस कराई. गंभीर और सूर्या की इस रणनीति का मकसद साफ है मैदान पर तारिक के एक्शन को देखकर भारतीय बल्लेबाज 'सरप्राइज' न हों और उनके 'एक्स-फैक्टर' को पहले ही ओवर में 'फुस्स' कर दिया जाए.

Photo Credit: jioHotstar
अभिषेक शर्मा 'मिशन पाकिस्तान' के लिए तैयार
भारतीय फैंस के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी खुद कप्तान सूर्या ने दी है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया कि अभिषेक शर्मा आज का महामुकाबला खेलने के लिए पूरी तरह फिट हैं. अभिषेक की वापसी ने पाकिस्तान की रातों की नींद उड़ा दी है. अभिषेक न केवल अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, बल्कि उनके पास युवराज सिंह (9 छक्के) और विराट कोहली (11 छक्के) के पाकिस्तान के खिलाफ सर्वाधिक छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ने का भी मौका है. अभिषेक को विराट का रिकॉर्ड ध्वस्त करने के लिए सिर्फ 5 छक्कों की दरकार है.

Photo Credit: PTI
सलमान आगा का 'एक्स' फैक्टर बनाम गंभीर की चाल
पाकिस्तान इस मैच में सलमान आगा और उस्मान तारिक को अहम भूमिका में देख रहा है. हालांकि, भारतीय टीम ने नेट सत्र में इन दोनों खिलाड़ियों की शैली को ध्यान में रखकर विशेष अभ्यास किया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि मैदान पर रणनीति किसकी सफल होती है. पाकिस्तान के ‘एक्स-फैक्टर' या भारत की सधी हुई तैयारी. मुकाबले के साथ ही दोनों टीमों के बीच रोमांचक टक्कर तय है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं