विज्ञापन

दिल्ली के रोहिणी में ताबड़तोड़ फायरिंग, गोगी गैंग से जुड़ा युवक मारा गया, इलाके में दहशत

रोहिणी सेक्टर-17 में बाइक सवार बदमाशों ने युवक साहिल सोलंकी की गोली मारकर हत्या कर दी.

दिल्ली के रोहिणी में ताबड़तोड़ फायरिंग, गोगी गैंग से जुड़ा युवक मारा गया, इलाके में दहशत
  • दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-17 में शनिवार देर रात साहिल सोलंकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई
  • पुलिस ने मृतक के पास से चाकू और घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए हैं
  • साहिल सोलंकी हाल ही में जेल से बाहर आया था और उसके खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-17 में शनिवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान साहिल सोलंकी के रूप में हुई है, जो इसी इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था. बताया जाता है कि युवक पर बाइक से आए दो हमलावरों ने गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस को सूचना मिलने के बाद क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए गए. 

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस ने मृतक के दाहिने हाथ के पास से एक चाकू भी पाया है. एडिशनल डीसीपी राजीव रंजन ने बताया कि साहिल सोलंकी कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था और उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी है. उसके खिलाफ हत्या सहित तीन मामलों की पुष्टि हुई है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि मृतक दिल्ली-एनसीआर के कुख्यात गोगी गैंग से जुड़ा हुआ बताया जाता है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

टिल्लू गैंग पर शक

प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे टिल्लू गैंग का हाथ हो सकता है. गोगी और टिल्लू गैंग लंबे समय से एक-दूसरे के दुश्मन रहे हैं. दोनों गैंगों के बीच पहले भी कई बार टकराव हो चुका है. इसी वजह से पुलिस गैंगवार की आशंका को गंभीरता से देख रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलावरों ने बिना किसी डर के युवक पर फायरिंग की और तुरंत भाग निकले. इससे साफ है कि बदमाशों में कानून का कोई भय नहीं है. इलाके में रहने वाले लोग इस वारदात के बाद काफी सहमे हुए हैं.

पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है. इसके अलावा लोकल नेटवर्क और टेक्निकल सर्विलांस की मदद ली जा रही है ताकि हमलावरों का पता लगाया जा सके.मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में महत्वपूर्ण खुलासा हो सकता है.

ये भी पढ़ें-: सिब्बल को मिला 2010 का पुरस्कार एप्स्टीन से था जुड़ा, बीजेपी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, जानिए कांग्रेस का जवाब

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com