न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम का मानना है कि भारत के खिलाफ ड्रॉ छूटे पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में बेसिन रिजर्व की पिच अपने पारंपरिक स्वरूप से अलग थी और इसमें दूसरे दिन से ही गति और उछाल कम हो गई थी. लैथम ने कहा कि वेलिंगटन की पिच पर गेंदबाजों को वैसी मदद नहीं मिली जैसी कि वह उम्मीद कर रहे थे. उन्होंने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, 'यह बेसिन रिजर्व की पारंपरिक पिच की तरह नहीं थी, जैसा कि हम पिछले कुछ वर्षों से देखते आ रहे हैं. अगर यह बेसिन रिजर्व की पारंपरिक पिच होती तो इसमें गति और उछाल होती लेकिन हमें दूसरे दिन से ही ऐसा देखने को नहीं मिला।.'
न्यूजीलैंड के कप्तान का मानना है कि पिच की बदलती प्रकृति के बावजूद उनके गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि पिच से मिलने वाली मदद की कमी के कारण परिणाम हासिल करना मुश्किल हो गया. उन्होंने कहा, 'इसमें वह गति नहीं थी जो शायद पहले हुआ करती थी. मुझे लगता है कि जिस तरह से हम हालात के अनुसार ढलने में सफल रहे वह महत्वपूर्ण था. हमारे खिलाड़ियों के प्रयास में किसी तरह की कमी नहीं थी.'
लैथम ने भी भारतीय कप्तान शुभमन गिल की तरह स्वीकार किया कि कूकाबुरा गेंद उम्मीद से कहीं पहले नरम पड़ जाती है. उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि गेंद के मामले में वह (गिल) बिल्कुल सही हैं. पहले दिन को छोड़कर गेंद जल्दी नरम होती होती जा रही थी. जब आप नई गेंद से शुरुआती 10 ओवर खेल लेते हैं, तो चीजें थोड़ी अलग दिखती हैं.'
गिल ने गेंदबाजों को गेंद की स्थिति बनाए रखने में मदद करने के लिए लार पर प्रतिबंध की समीक्षा करने की वकालत की थी. लैथम ने हालांकि नियमों में किसी भी तरह के बदलाव की संभावना को लेकर सतर्कता अपनाई.
उन्होंने कहा, 'जहां तक नियम और शर्तों की बात है तो यह मेरे हाथ में नहीं है. लार के संदर्भ में मुझे नहीं पता कि इससे कोई बदलाव आएगा. हम गेंद को स्विंग कराने के लिए उसे यथासंभव अच्छी स्थिति में रखने के लिए पूरी मेहनत करते हैं. लेकिन परिस्थितियों के कारण लंबे समय तक ऐसा करना संभव नहीं हो पाया.'
यह भी पढ़ें- तिलक वर्मा की धीमी पारी ने डुबोई India 'A' की नैया? संजय बांगर ने बताया Pakistan 'A' के खिलाफ कहां हुई चूक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं