भारत 'ए' और पाकिस्तान 'ए' के बीच बीते रविवार (22 नवंबर) को दोहा स्थित वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में तिलक वर्मा ने जरूर शतक लगाया. मगर टीम को वह जीत नहीं दिला सके. मुकाबले के दौरान उन्होंने कुल 149 गेंदों का सामना किया. इस बीच 67.11 की स्ट्राइक रेट से 100 रन बनाने में कामयाब रहे. मुकाबले के दौरान शुरुआती समय में तिलक काफी स्लो नजर आए. उनकी धीमी बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पहले तीन रन उन्होंने 25 गेंदों में बनाए थे. 50 गेंदों का सामना करने के बाद उनके खाते में केवल 18 से 21 रन थे. विपक्षी टीम के खिलाफ मुश्किल परिस्थितियों में तिलक विकेट बचाने में तो कामयाब रहे. मगर उनकी यह धीमी पारी टीम के लिए कहीं न कहीं हार कारण भी बना.
तिलक वर्मा की धीमी बल्लेबाजी क्या पड़ा असर?
भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा समय में क्रिकेट विश्लेषक संजय बांगर ने मैच के बाद तिलक की पारी का विश्लेषण करते हुए कहा कि कप्तान की धीमी बल्लेबाजी दूसरे छोर पर मौजूद दूसरे बल्लेबाजों पर अतिरिक्त दबाव डाल रही थी. सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर हुई बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, 'तिलक वर्मा ने अपनी पहली 25 गेंदों पर सिर्फ तीन रन बनाए. फिर अगली 25 गेंदों में करीब 12-13 रन जोड़ने में कामयाब रहे. यानी 50 गेंद खेलने के बाद यदि आपके केवल 18 से 21 रन हैं तो दूसरे छोर पर बल्लेबाजी कर रहे खिलाड़ी पर प्रभाव पड़ता है. तिलक को शायद भरोसा था कि वह बाद में उसकी भरपाई कर लेंगे. मगर दूसरे बल्लेबाज पर इसका क्या असर होता है? क्या वह जोखिम लेगा या उसे मजबूरन जोखिम लेना पड़ेगा? यही स्थिति गेंदबाजों को विकेट लेने का मौका देती है.'
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही. आयुष बडोनी बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि कुमार कुशाग्र (2), रिंकू सिंह (6), सूर्यांश शेडगे (6) और वैभव सूर्यवंशी (11) भी बड़ी पारी खेलने में नाकामयाब रहे. 26वें ओवर तक ही भारत ने 129 रन के योग पर पांच विकेट गंवा दिए थे.
हालांकि, इसके बाद तिलक वर्मा और शाहबाज अहमद ने सातवें विकेट के लिए 112 रन की महत्वपूर्ण शतकीय साझेदारी की. शाहबाज ने अर्धशतक लगाया. मगर 43वें ओवर में शाहबाज के आउट होने के बाद निचला क्रम पूरी तरह से बिखर गया. विप्रज निगम और हर्षित राणा दोनों बिना खाता खोले आउट हुए.
पाकिस्तान 'ए' के खिलाफ भारत 'ए' से कहां हुई रणनीतिक चूक?
संजय बांगर ने भारत 'ए' की रणनीति में एक महत्वपूर्ण कमी भी बताई. उनका मानना है कि भारतीय बल्लेबाज पाकिस्तान 'ए' के स्पिनर हसन नवाज को पूरी तरह से नियंत्रित होकर नहीं खेल पाए.
बांगर ने कहा, 'मुझे लगता है कि भारत से सबसे बड़ी चूक यह हुई कि उन्होंने हसन नवाज को पूरे 10 ओवर डालने दिए. ऐसी टर्न लेती पिच पर दाएं और बाएं हाथ के बल्लेबाजों की जोड़ी बनाने की कोशिश करनी चाहिए थी, जिससे स्ट्राइक रोटेशन बेहतर होता. अगर ऐसा होता तो पाकिस्तान को नवाज से पूरा स्पेल कराने का मौका नहीं मिलता.'
यह भी पढ़ें- WTC 2025-27 Points Table: टेस्ट ड्रा होने के बाद भारत पर लटका WTC फाइनल से बाहर होने का खतरा, जानिए आगे का पूरा गणित
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं