विज्ञापन

MS धोनी या रोहित शर्मा? आखिर किसे अपना गुरु मानते हैं तिलक वर्मा

भारत A टीम के कप्तान तिलक वर्मा ने कहा है कि उन्होंने MS धोनी की कप्तानी को करीब से देखा है और रोहित शर्मा से खिलाड़ियों को साथ लेकर चलने की कला सीखी है. तिलक फिलहाल राइजिंग स्टार्स मेन्स एशिया कप में भारत A की कप्तानी कर रहे हैं.

MS धोनी या रोहित शर्मा? आखिर किसे अपना गुरु मानते हैं तिलक वर्मा
Tilak Varma
IANS

भारत A टीम के कप्तान और सीनियर भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा ने अपनी कप्तानी को लेकर बड़ा खुलासा किया है. युवा बल्लेबाज ने बताया कि उन्होंने भले ही महेंद्र सिंह धोनी के साथ कभी नहीं खेला हो, लेकिन उनकी कप्तानी को करीब से देखा और उससे काफी कुछ सीखा है. वहीं रोहित शर्मा से उन्होंने खिलाड़ियों को साथ लेकर चलने और टीम का माहौल बेहतर रखने की कला सीखी है.

राइजिंग स्टार्स मेन्स एशिया कप में भारत A टीम की कप्तानी कर रहे तिलक वर्मा ने कहा है कि उनकी कप्तानी पर महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा का बड़ा प्रभाव रहा है. बीसीसीआई द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में तिलक वर्मा ने बताया कि उन्होंने सूर्यकुमार यादव, रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या जैसे कप्तानों के साथ खेला है, लेकिन धोनी की कप्तानी को भी काफी करीब से समझने की कोशिश की है.

तिलक ने कहा, 'मैंने सूर्य भैया, रोहित भैया और हार्दिक भैया की कप्तानी में खेला है. मैंने माही भाई की कप्तानी को भी काफी देखा है. भले ही मैं उनके साथ नहीं खेला, लेकिन मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है. मैं उनसे बातचीत भी करता हूं और उनके अनुभव से सीखने की कोशिश करता हूं.'

रोहित शर्मा से सीखा खिलाड़ियों को साथ रखना

तिलक वर्मा ने बताया कि रोहित शर्मा से उन्होंने सबसे महत्वपूर्ण सीख खिलाड़ियों को साथ लेकर चलने की प्राप्त की. उन्होंने कहा, 'मैं रोहित भैया से हमेशा बात करता हूं. बल्लेबाजी के बारे में ज्यादा नहीं, बल्कि इस बारे में कि वह हर खिलाड़ी को अपने साथ कैसे जोड़कर रखते हैं. मैदान के बाहर की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है.' युवा बल्लेबाज के अनुसार, कप्तान का काम सिर्फ रणनीति बनाना नहीं बल्कि हर खिलाड़ी से उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकलवाना भी होता है.

कप्तान का सबसे बड़ा काम क्या?

तिलक का मानना है कि कप्तान को खिलाड़ियों की मानसिकता को समझना चाहिए. उन्होंने कहा, 'हर खिलाड़ी का सोचने का तरीका अलग होता है. हर दिन अलग होता है. इसलिए सभी को साथ लेकर चलना बेहद जरूरी है. कप्तान के तौर पर आपको समझना होता है कि कब शांत रहना है और कब अटैकिंग होना है.'

पहले भी कर चुके हैं कप्तानी

हैदराबाद के रहने वाले तिलक वर्मा इससे पहले भारत अंडर-19, भारत A और रणजी ट्रॉफी में हैदराबाद टीम की कप्तानी कर चुके हैं. हाल ही में उन्होंने श्रीलंका में आयोजित त्रिकोणीय सीरीज में भी भारत A का नेतृत्व किया था, जहां टीम चैंपियन बनी थी. तिलक वर्मा फिलहाल राइजिंग स्टार्स मेन्स एशिया कप में भारत A की कप्तानी कर रहे हैं. भारत A को ग्रुप चरण में नेपाल, पाकिस्तान A और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का सामना करना है. तिलक ने कहा कि कप्तानी उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी देती है और वह इस चुनौती को पूरी तरह स्वीकार करने के लिए तैयार हैं.

यह भी पढ़ें-  3 जून को 'लॉर्ड्स' में होगा ऐतिहासिक टी20 मुकाबला, पहली बार इस टीम के खिलाफ खेलेगा नेपाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Cricket, Namboori Thakur Tilak Varma
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com