भारत के इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं के निर्यात में चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के दौरान तेज वृद्धि दर्ज की गई है. गुरुवार को जारी एक ऑफिशियल फैक्टशीट में कहा गया कि अप्रैल से सितंबर के बीच इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 44 प्रतिशत बढ़कर 31.97 अरब डॉलर तक पहुंच गया. इस वृद्धि में स्मार्टफोन निर्यात के साथ-साथ गैर-स्मार्टफोन इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के मजबूत प्रदर्शन ने महत्वपूर्ण योगदान दिया.
फैक्टशीट के अनुसार, स्मार्टफोन भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात की सबसे बड़ी श्रेणी बने रहे. इस अवधि में स्मार्टफोन निर्यात 35.8 प्रतिशत बढ़कर 18.17 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 13.38 अरब डॉलर था. हालांकि कुल इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में स्मार्टफोन की हिस्सेदारी घटकर 56.8 प्रतिशत रह गई, जबकि एक वर्ष पहले यह 60.3 प्रतिशत थी. इसका कारण अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के निर्यात में और अधिक तेज वृद्धि रहा.
गैर-स्मार्टफोन इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 56.5 प्रतिशत की तेजी के साथ 8.81 अरब डॉलर से बढ़कर 13.79 अरब डॉलर हो गया. इसके साथ ही कुल इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में इन उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़कर 43.2 प्रतिशत हो गई. आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि भारत अब इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स, संचार उपकरणों, मेमोरी उत्पादों और स्टोरेज डिवाइसों के निर्यात में भी अपनी वैश्विक उपस्थिति मजबूत कर रहा है.
सबसे तेज वृद्धि दर्ज करने वाली श्रेणियों में माउंटेड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (पीसीबी) शामिल रहे. इनका निर्यात 3,219 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़ोतरी के साथ 6.33 करोड़ डॉलर से बढ़कर 2.10 अरब डॉलर तक पहुंच गया. इस श्रेणी में सिंगापुर सबसे बड़ा बाजार रहा, जहां 1.87 अरब डॉलर का निर्यात हुआ. इसके बाद चीन का स्थान रहा, जहां निर्यात 11.15 करोड़ डॉलर दर्ज किया गया.
इसी तरह पॉप्युलेटेड या स्टफ्ड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड का निर्यात भी तेजी से बढ़ा. यह 21.37 करोड़ डॉलर से बढ़कर 86.41 करोड़ डॉलर हो गया, जो 304 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है. इस श्रेणी में चीन सबसे बड़ा बाजार रहा, जहां 78.92 करोड़ डॉलर का निर्यात हुआ. वहीं हांगकांग को निर्यात 59 लाख डॉलर से बढ़कर 2.53 करोड़ डॉलर हो गया.
बयान में आगे कहा गया कि नेटवर्क ट्रांसमिशन और राउटिंग उपकरणों का निर्यात लगभग दोगुना होकर 73.29 करोड़ डॉलर से बढ़कर 1.45 अरब डॉलर हो गया. हांगकांग इस श्रेणी का सबसे बड़ा बाजार रहा, जहां निर्यात 26.47 करोड़ डॉलर से बढ़कर 85.77 करोड़ डॉलर तक पहुंच गया. अमेरिका और नीदरलैंड भी प्रमुख निर्यात गंतव्यों में शामिल रहे, जहां क्रमशः 13.09 करोड़ डॉलर और 12.44 करोड़ डॉलर का निर्यात हुआ.
मेमोरी इंटीग्रेटेड सर्किट निर्यात में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला. यह 2,333 प्रतिशत बढ़कर 2.31 करोड़ डॉलर से 56.24 करोड़ डॉलर पहुंच गया. मलेशिया इस श्रेणी का सबसे बड़ा आयातक बनकर उभरा, जहां 39.08 करोड़ डॉलर का निर्यात हुआ. इसके बाद सिंगापुर (10.24 करोड़ डॉलर) और हांगकांग (2.52 करोड़ डॉलर) का स्थान रहा.
IANS के इनपुट के साथ
ये भी पढ़ें : Explainer: नये वर्ल्ड ऑर्डर में चीन भी सुपरपावर; वो 5 वजहें जिनसे ट्रंप-पुतिन के सामने जिनपिंग दिखे बॉस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं