India Women's Team T20 WC 2026 Semifinal Scenario: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मैच में साउथ अफ्रीका के हाथों मिली 6 विकेट की करारी हार ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की राह को थोड़ा मुश्किल बना दिया है. इस हार के बाद ग्रुप-ए से सेमीफाइनल की रेस बेहद रोमांचक और पेचीदा हो गई है. टीम इंडिया के पास अब लीग स्टेज में सिर्फ 2 मैच बचे हैं. ऐसे में फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली 'वुमन इन ब्लू' अंतिम-4 यानि की सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए कैसे क्वालिफाई करेगी. आइए समझते हैं सेमीफाइनल में पहुंचने का पूरा गणित क्या है.
टीम इंडिया के लिए क्वालिफिकेशन का ताजा समीकरण
भारतीय टीम ने अब तक टूर्नामेंट में 3 मैच खेले हैं, जिसमें से उसे 2 में जीत और 1 में हार का सामना करना पड़ा है. 4 अंकों और +2.511 के एक बेहद मजबूत नेट रन रेट (NRR) के साथ भारत फिलहाल अच्छी स्थिति में तो है, लेकिन साउथ अफ्रीका से हारने के बाद अब टीम इंडिया और कोई मैच हारने का जोखिम बिल्कुल नहीं उठा सकती. भारत के अगले दो मुकाबले बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने हैं.
भारत के लिए क्या है विकल्प?
बचे दोनों मैचों में जीत जरूरी है. अगर भारतीय टीम अपने अगले दोनों मैचों में बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया को हरा देती है, तो वह 8 अंकों के साथ सीधे सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लेगी.
ऑस्ट्रेलिया से हार और बांग्लादेश पर जीत, तो बाहर
भारत के बांग्लादेश के खिलाफ जीतने की पूरी उम्मीद है, लेकिन आखिरी लीग मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबला बेहद कड़ा होगा. अगर भारत बांग्लादेश को हरा देता है लेकिन ऑस्ट्रेलिया से हार जाता है, तो भारत के 6 अंक रह जाएंगे. ऐसी स्थिति में अगर साउथ अफ्रीका अपने बाकी बचे दोनों मैच जीत जाती है, तो भारत 6 अंकों पर ही रह जाएगा और साउथ अफ्रीका 8 अंकों के साथ सेमीफाइनल में चली जाएगी, जिससे भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा.
ग्रुप की बाकी दो मजबूत टीमों में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका का हाल
ऑस्ट्रेलिया टीम इस ग्रुप में सबसे मजबूत और सुरक्षित स्थिति में काबिज है. ऑस्ट्रेलिया ने अपने 3 मैचों में लगातार 3 जीत हासिल की है और 6 अंकों के साथ उनका नेट रन रेट +4.391 का है, जो कि बेहद शानदार है.
साउथ अफ्रीका की किस्मत अपने हाथ में
लौरा वोल्वार्ड्ट की कप्तानी वाली साउथ अफ्रीकी टीम ने अपने सफर की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया से हारकर की थी, जिससे उनका रन रेट माइनस (-0.546) में चला गया था. लेकिन इसके बाद पाकिस्तान और फिर भारत पर बड़ी जीत दर्ज करके साउथ अफ्रीका ने अपनी किस्मत वापस अपने हाथों में ले ली है. उनके अगले दो मैच कमजोर मानी जाने वाली नीदरलैंड और बांग्लादेश की टीमों से हैं, जिन्हें जीतकर वे आसानी से 8 अंक हासिल कर सकती हैं.
हालांकि, उनका खराब रन रेट उनके लिए चिंता की बात है. अगर वो भारत और ऑस्ट्रेलिया को रन रेट में पीछे छोड़ना चाहती हैं, तो उन्हें नीदरलैंड और बांग्लादेश को बहुत बड़े अंतर से हराना होगा. दूसरी तरफ, पाकिस्तान और नीदरलैंड की टीमें पहले ही लगातार हार झेलकर सेमीफाइनल की दौड़ से पूरी तरह बाहर हो चुकी हैं.
ग्रुप A के बाकी बचे मैचों का पूरा शेड्यूल
23 जून: ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान
25 जून: भारत बनाम बांग्लादेश
25 जून: साउथ अफ्रीका बनाम नीदरलैंड
27 जून: पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड
28 जून: साउथ अफ्रीका बनाम बांग्लादेश
28 जून: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
मैच गंवाने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, "मुझे लगता है कि हमें बीच में कुछ मौके मिले, लेकिन दुर्भाग्य से हम उन्हें भुना नहीं सके. हालांकि, मुझे अभी भी लगता है कि हमारे दो मैच शेष हैं, और यही समय है सकारात्मक रहने और उन मुकाबलों के बारे में सोचने का. हम हमेशा बात करते हैं कि इस स्तर पर मौकों को भुनाना कितना जरूरी है, लेकिन दुर्भाग्य से आज किस्मत हमारे साथ नहीं थी.
भारतीय टीम 25 जून को बांग्लादेश को चुनौती देगी, जिसके बाद 28 जून को उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा. भारतीय कप्तान ने कहा, "अभी भी हमारे दो मैच शेष हैं. अब उन मुकाबलों के बारे में सोचने का समय है. अगले मैच के लिए हमारे पास अभी भी दो-तीन दिन हैं. हम बैठकर सोचेंगे कि क्या करना है और उसी हिसाब से अपनी प्लेइंग इलेवन चुनेंगे."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं