कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर अपना दूसरा ऐशियन गेम्स गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए और जवाब में पाकिस्तान की टीम हसन नवाज की 96 रन की पारी के बावजूद 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई. इस मैच में सभी खिलाड़ियों का योगदान अहम रहा, लेकिन पांच नाम ऐसे रहे जिन्होंने जीत की नींव रखी और आखिर तक उसे मजबूत बनाए रखा.
अभिषेक शर्मा
भारत ने वैभव सूर्यवंशी का विकेट जल्दी गंवा दिया था, लेकिन अभिषेक शर्मा ने आते ही आक्रमण की कमान संभाल ली. उन्होंने पाकिस्तानी गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए सिर्फ 28 गेंदों में 61 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 3 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी ने पाकिस्तान को शुरू से बैकफुट पर धकेल दिया और भारत को बड़े स्कोर की मजबूत नींव मिली.
तिलक वर्मा
मध्य ओवरों में भारत ने लगातार विकेट गंवाए. अभिषेक शर्मा, श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के आउट होने के बाद टीम का स्कोर थोड़ी देर के लिए थम सा गया था. ऐसे समय में तिलक वर्मा ने एक छोर संभालकर रखा. उपकप्तान ने सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए और आखिरी तक टिके रहकर भारत को 200 के पार पहुंचाया. दबाव में खेली गई यह पारी फाइनल की सबसे अहम पारियों में से एक रही.
शिवम दुबे
17वें ओवर तक भारत 180 रन के आसपास पहुंचता दिख रहा था, लेकिन शिवम दुबे ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर कहानी बदल दी. दुबे ने 27 रन की तेज पारी खेली और दोनों ने छठे विकेट के लिए 62 रन जोड़ दिए. इसी साझेदारी की बदौलत भारत 211 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचा. बाद में गेंद से भी दुबे ने अहम विकेट लेकर पाकिस्तान की वापसी की उम्मीदों को झटका दिया.
अक्षर पटेल
212 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को तेज शुरुआत की जरूरत थी, लेकिन अक्षर पटेल ने शुरुआत में ही दो बड़े झटके दिए. उस्मान खान सहित दो अहम विकेट लेने वाले अक्षर ने चार ओवर में सिर्फ 29 रन खर्च किए. जब हसन नवाज तेजी से रन बना रहे थे, तब अक्षर ने रनगति को नियंत्रित रखते हुए भारत को मुकाबले में आगे बनाए रखा.
श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर बल्ले से बड़ी पारी नहीं खेल सके और 21 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन कप्तानी में उन्होंने कोई कमी नहीं छोड़ी. गेंदबाजों का सही इस्तेमाल, फील्डिंग में आक्रामक रवैया और दबाव वाले मौकों पर सटीक फैसलों ने पाकिस्तान को कभी मैच में पूरी तरह हावी नहीं होने दिया और भारत ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीतकर अपनी बादशाहत कायम रखी.
फाइनल हारने के बावजूद पाकिस्तान को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा, जबकि भारत ने एक बार फिर एशियाई क्रिकेट में अपना दबदबा साबित किया. महिला टीम के बाद पुरुष टीम ने भी गोल्ड जीतकर इतिहास रचा. अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी, तिलक वर्मा का फिनिशिंग टच, शिवम दुबे का ऑलराउंड योगदान, अक्षर पटेल की धारदार गेंदबाजी और श्रेयस अय्यर की कप्तानी ने मिलकर टीम इंडिया को एशियन गेम्स 2026 का चैंपियन बना दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं