Suryakumar Yadav on India Comeback: टीम इंडिया के स्टार सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी में लगातार खराब प्रदर्शन करने के कारण भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं. पूर्व कप्तान ने गुरुवार को कहा कि वह वापसी के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं और भविष्य में सब कुछ ठीक होने की उम्मीद कर रहे हैं. भारत को लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप में खिताब दिलाने के कुछ महीनों बाद 35 वर्षीय सूर्यकुमार को उनकी फॉर्म के कारण टीम से बाहर कर दिया गया.
पीटीआई के अनुसार, सूर्यकुमार से जब एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय टीम में वापसी की संभावना के बारे में पूछा गया, उन्होंने कहा,'मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं और अपनी तरफ से हर संभव कोशिश कर रहा हूं. अगर सब कुछ ठीक रहा तो सब कुछ अपने आप ठीक हो जाएगा.' सूर्यकुमार भारतीय टीम के अलावा आईपीएल में मुंबई इंडियंस की तरफ से भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे.
सूर्यकुमार यादव का बल्लेबाजी करियर
सूर्यकुमार यादव के बल्लेबाजी करियर पर नजर डालें तो उन्होंने भारत के लिए अब तक 113 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 3272 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 36.36 और स्ट्राइक रेट 162.95 रहा, जो उन्हें दुनिया के सबसे विस्फोटक टी20 बल्लेबाजों में शामिल करता है. टी20I में उन्होंने 4 शतक और 25 अर्धशतक लगाए हैं, जबकि 179 छक्कों के साथ कई मैच अपने दम पर भारत के पक्ष में पलटे हैं.
आईपीएल में सूर्यकुमार का रिकॉर्ड
आईपीएल में भी सूर्यकुमार का रिकॉर्ड शानदार रहा है. उन्होंने 179 मैचों की 164 पारियों में 4581 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 33.68 और स्ट्राइक रेट 148.59 रहा. आईपीएल में SKY के नाम 2 शतक और 31 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि 482 चौके और 178 छक्के उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की गवाही देते हैं. हालांकि हाल के समय में उनकी फॉर्म में गिरावट देखने को मिली है, लेकिन सीमित ओवरों के क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड आज भी उन्हें भारत के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शुमार करता है.
ये भी पढ़ें- IND vs SL: 'आज टेस्ट क्रिकेट की जीत हुई,' सोनल दिनुषा की पारी ने जीता टीम इंडिया के कप्तान गिल का दिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं