Sunil Narine Best Economy Record KKR vs SRH IPL 2026: आईपीएल 2026 में जहां बल्लेबाज चौकों-छक्कों की बारिश कर गेंदबाजों के आंकड़े बिगाड़ रहे हैं, वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के दिग्गज स्पिनर सुनील नरेन एक अभेद्य दीवार बनकर उभरे हैं. रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2 विकेट चटकाने के साथ ही नरेन ने न केवल आईपीएल में 200 विकेट पूरे किए, बल्कि इकॉनमी रेट के मामले में भी सभी को पीछे छोड़ दिया है. मौजूदा सीजन में कम से कम 8 मैचों के पैमाने पर देखा जाए तो नरेन 6.80 के बेस्ट इकॉनमी रन रेट के साथ लीग के सबसे कंजूस और प्रभावशाली गेंदबाज साबित हुए हैं.
नरेन की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने इस मामले में अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और रवींद्र जडेजा जैसे धुरंधरों को मात दी है. जहां भुवनेश्वर कुमार 7.54 की इकॉनमी के साथ दूसरे स्थान पर हैं, वहीं जडेजा (7.72) और मोहम्मद सिराज (8.12) उनसे काफी पीछे नजर आते हैं. हैदराबाद के खिलाफ मैच में भी नरेन ने 4 ओवर में महज 31 रन देकर विपक्षी बल्लेबाजों पर लगाम कसी. एक तरफ भुवनेश्वर 15 विकेट लेकर विकेटों की दौड़ में आगे हैं, लेकिन रनों पर अंकुश लगाने की कला में नरेन का कोई सानी नहीं है, जो उनकी टीम के लिए जीत की सबसे बड़ी वजह बन रही है.
IPL 2026 - सबसे किफायती गेंदबाज (कम से कम 8 मैच)
6.80 इकॉनमी. - सुनील नरेन
7.54 इकॉनमी. - भुवनेश्वर कुमार
7.72 इकॉनमी. - रवींद्र जडेजा
8.06 इकॉनमी. - प्रिंस यादव
8.12 इकॉनमी. - मोहम्मद सिराज
साल 2012 में डेब्यू के बाद से केकेआर के 'मिस्टर रिलायबल' रहे नरेन अब आईपीएल में 201 विकेट के साथ सर्वाधिक विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं. वे किसी एक फ्रेंचाइजी (KKR) के लिए 200 विकेट लेने वाले इतिहास के पहले खिलाड़ी भी हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं