Sri Lanka vs India, 2nd Test: सोनल दिनुषा के तीसरे शतक की बदौलत श्रीलंका ने भारत के खिलाफ दूसरा और अंतिम टेस्ट ड्रॉ करा लिया, लेकिन टीम इंडिया ने सीरीज 1-0 से जीत ली. भारत ने गॉल में पहला टेस्ट 165 रन से जीता था. मैच के बाद टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि ‘आज टेस्ट क्रिकेट की जीत हुई है.'
भारत ने मैच में अधिकतर समय दबदबा बनाए रखा और वह जीत हासिल करने की अच्छी स्थिति में था, लेकिन सोनल ने दूसरी पारी में दृढ़ता से खेलते हुए एक और जुझारू शतक बनाया, जिससे श्रीलंका 154 ओवर खेलकर ड्रॉ हासिल करने में सफल रहा, जो मेहमान टीम के लिए किसी जीत से कम नहीं था.
'आज टेस्ट क्रिकेट की जीत हुई'
गिल ने मैच के बाद कहा, 'हमने लगभग 150 ओवर तक फील्डिंग की. हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की. मुझे नहीं लगता कि हम कुछ अलग कर सकते थे. मौसम को ध्यान में रखते हुए हम इन चीजों (फॉलोऑन देने) के बारे में बाद में ही बात कर सकते हैं.' उन्होंने कहा कि, 'आप उस समय जो सबसे अच्छा फैसला कर सकते हैं वही करते हैं. कुछ चीज हमारे पक्ष में नहीं रही. लेकिन यह एक शानदार मैच था और मुझे लगता है कि आज टेस्ट क्रिकेट की जीत हुई.'
'विपक्षी टीम से बहुत कुछ सीखने को मिला'
गिल ने कहा, 'विपक्षी टीम से हमें बहुत कुछ सीखने को मिला, जो हमारे लिए सकारात्मक रहा. जिस तरह से उन्होंने वापसी की, वह देखना शानदार था. मुझे नहीं लगता कि हम कुछ अलग कर सकते थे.' भारतीय बल्लेबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया जिनमें देवदत्त पडिक्कल और केएल राहुल ने बेहतरीन बल्लेबाजी की. गिल ने गेंदबाजों के प्रयासों की भी सराहना की.
पडिक्कल रहे ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज'
पडिक्कल को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया. उन्होंने स्वीकार किया कि भारत अगर जीत के साथ समापन करता तो अच्छा रहता. उन्होंने कहा, 'अगर हम यह मैच जीत जाते तो बेहतर होता. सच कहूं तो दोनों मैच काफी हद तक एक जैसे थे. यहां की पिच भी धीमी थी और ऐसे में आपकी स्पष्ट रणनीति होनी चाहिए.'
पडिक्कल ने कहा, 'हर कोई खेलना चाहता है और अपने देश का प्रतिनिधित्व करना चाहता है. मुझे रन बनाने में खुशी होती है, चाहे मैं किसी भी पोजीशन पर खेलूं. टीम की जीत जरूरी है. अभी बहुत काम करना है. यह एक युवा टीम है, हर कोई बहुत उत्साहित है. मुझे यकीन है कि हम लगातार सुधार करते रहेंगे.'
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए सोनल ने क्या कहा?
मैच की दोनों पारियों में शतक बनाकर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए सोनल ने कहा, 'मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश की और परिस्थिति के अनुसार खेला. मैं टीम के लिए रन बनाना चाहता था और मुझे खुशी है कि मैं ऐसा कर सका. भारत के खिलाफ रन बनाना एक सुखद अनुभव है.'
श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने युवा प्रतिभाओं को समर्थन देने के लिए टीम के चयनकर्ताओं और कोच को श्रेय दिया, और कहा कि सोनल का उभरना टीम के लिए एक सुखद चुनौती साबित हुआ है. उन्होंने कहा, 'यह सब प्रतिभा को खोजने के बारे में है, मुझे लगता है कि चयनकर्ताओं और कोच ने मुझे वह अवसर दिया. यह एक अच्छी चुनौती है.'
ये भी पढ़ें- IND vs SL, 2nd Test: सोनल दिनुषा के शतक ने छीनी तय जीत, ड्रॉ पर खत्म हुआ टेस्ट, सीरीज पर भारत का कब्जा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं