India V/S Sri Lanka: भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज का नतीजा चाहे जो हो, टीम इंडिया को इस दौरे से तीन ऐसे खिलाड़ी मिल गए हैं जिन्होंने अगले कई वर्षों की चिंताएं खत्म कर दी हैं. शुभमन गिल की नई टीम के लिए यह सबसे बड़ी सकारात्मक खबर है. यह सीरीज टीम इंडिया के लिए बहुत ही ज्यादा अहम रही, तो वहीं खत्म होने से पहले ही भारत को ऐसी 3 बड़ी देन मिलीं या इन देन पर पकड़ मजबूत हुई, जिनके बार में न ही पूर्व क्रिकेटरों और न ही फैंस ने सोचा था कि ये श्रीलंका को जोर का झटका देते हुए पूरी बाजी पलट देंगे. लेकिन यह इन तीन देनों का ही असर है कि आज भारत श्रीलंका के सफाए के मुहाने पर खड़ा है. चलिए जानिए कि हम क्यों ऐसा कह रहे हैं कि ये इस टीम गिल के लिए ही नही, बल्कि भारत के भविष्य के अगले कई सालों के लिए बहुत बड़ी देन हैं. हमारे आंकलन के पीछे बहुत ही ठोस तर्क हैं. चलिए बारी-बारी से जानिए और समझिए
1. देवदत्त पडिक्कल ने तोड़ दिया श्रीलंका को
मानो पडिक्कल की नियति ईश्वर ने सीरीज से पहले ही तय कर दी थी. भारतीय XI के नियमित और नंबर-3 पर पैर जमाने में जुटे साई सुदर्शन सीरीज से पहले चोटिल क्या हुए मानो देवदत्त की लॉटरी लग गई. इसके बाद जो हुआ, वह अपने आप में इतिहास है और इसकी हमेशा ही इतिहासकार और पंडित मिसाल देंगे. पडिक्कल ने सीरीज में दो लगातार शतक जड़ते हुए सीरीज में लगभग सबसे ज्यादा रन (श्रीलंका की पहली पारी तक) बनाए. और इससे न केवल भारत को श्रीलंका पर जोरदार प्रहार करने का मौका मिला, बल्कि अब वह नंबर-3 पर लगभग नियमित हो चुके साई सुदर्शन को पीछे धकेल आगे खड़े हो गए हैं. यहां से प्रबंधन के लिए उन्हें हिलाना बहुत ही ज्यादा मुश्किल होने जा रहा है. पुजारा के संन्यास के बाद जो नंबर-3 का सवाल सेलेक्टरों और फैंस का पीछा कर रहा था, उसका आधा जवाब मिल गया है, और आधा तब तब देखने को मिलेगा, जब देवदत्त सेना देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड , ऑस्ट्रेलिया) की पिचों पर खेलेंगे.
2. मानव सुथार का वार, श्रीलंका हैरान
मेजबान श्रीलंका को दूसरा 400 वोल्ट का झटका दिया लेफ्टी स्पिनर मानव सुथार ने, जो टीम इंडिया के लिए कम से कम अगले दशक के स्पिनर होने जा रहे हैं. पहले टेस्ट की दूसरी पारी में मानव ने 6 सहित कुल 10 विकेट चटका कर श्रीलंका को पूरी तरह पटकते हुए देवदत्त की बेहतरीन 167 रन की पारी को एक सुखद परिणाम में बदल दिया. लंकाई बल्लेबाजों के लिए सुथार की लंबी उंगलियों से मिला घुमाव और उछाल दोनों ही पहली बन गए. और श्रीलंका की दूसरी पारी खत्म होने से पहले उसके 6 विकेट गिरने तक मानव सीरीज में सबसे सफल बॉलर थे. उनके किसी भी दूसरे बॉलर के पछाड़ने की उम्मीद नहीं है. और अगर मानव प्लेयर ऑफ द सीरीज बनते हैं, तो बिल्कुल भी हैरानी की बात नहीं ही होगी.
3. ध्रुव जुरेल ने बंद कर दिया दरवाजा!
सीरीज शुरू होने से पहले नंबर-6 को लेकर सरफराज और ध्रुव जुरेल के बीच मुकाबला था. और जब गंभीर ने सरफराज के ऊपर जुरेल को चुना, तो कई पूर्व क्रिकेटरों ने इस फैसले के लिए मैनेजमेंट को लताड़ लगाई कि एक विशेषज्ञ बल्लेबाज के ऊपर विकेटकीपर को महत्व दिया गया. लेकिन दोनों ही टेस्ट में ध्रुव जुरेल ने अर्द्धशतक और फिर शतक बनाकर आलोचकों मुंह पर टेप लगाते हुए यह भी बता दिया कि वह अगले कुछ सालों के लिए टीम इंडिया के नंबर-6 क्रम पर अब उनका कब्जा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं